BIG NEWS: स्कूटी पर सवार था नशे का कारोबारी... पुलिस को देखते ही उड़ गए होश! तलाशी में निकली एमडी और डोडाचूरा की खेप, पूछताछ में खुला तस्करी के पूरे नेटवर्क का काला खेल, दो गिरफ्तार, एक फरार, पढ़े खबर
गरोठ (मंदसौर)। मंदसौर जिले की गरोठ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूटी से एमडी ड्रग और डोडाचूरा की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले का एक अन्य आरोपी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 70 ग्राम एमडी, 3 किलो डोडाचूरा, दो एंड्रॉयड मोबाइल और एक स्कूटी जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम सनेही मिश्रा, एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी बलवीरसिंह यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि पवन पिता गोरधन निवासी गरोठ अपनी सफेद रंग की स्कूटी क्रमांक MP13EX5476 से एमडी और डोडाचूरा लेकर वारनी फंटा होते हुए खजूरीरूण्डा की ओर जाने वाला है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने वारनी फंटा पर घेराबंदी कर स्कूटी को रोक लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 70 ग्राम एमडी (कीमत लगभग 70 हजार रुपये), 3 किलो डोडाचूरा, दो एंड्रॉयड मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी पवन ने खुलासा किया कि उसने यह मादक पदार्थ चप्पु उर्फ शफी मोहम्मद निवासी खजूरीरूण्डा से खरीदा था और इसे रफीक निवासी खजूरीरूण्डा को देने जा रहा था। पुलिस ने विवेचना के दौरान रफीक को भी गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य सप्लायर चप्पु उर्फ शफी मोहम्मद अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

गरोठ थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/15, 22 एवं 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ यह भी पता लगा रही है कि मादक पदार्थ की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पवन और रफीक के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। वहीं फरार आरोपी चप्पु उर्फ शफी मोहम्मद का भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़े और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।