BIG NEWS: उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर फिल्मी अंदाज में कार्रवाई, शामगढ़ पुलिस की घेराबंदी देख तस्करों ने बीच सड़क छोड़ी फॉर्च्यूनर, 5 कट्टों में मिला 100 किलो डोडाचूरा, पढ़े खबर
मंदसौर, मध्यप्रदेश पुलिस के 'नशा मुक्ति अभियान' के तहत मंदसौर जिले की शामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक लग्जरी फॉर्च्यूनर कार से तस्करी कर ले जाए जा रहे 100 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा को जब्त कर तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस की घेराबंदी देखकर तस्कर कार को सड़क पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने करीब 22 लाख रुपये का मादक पदार्थ और वाहन जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम सनेही मिश्रा तथा एसडीओपी दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय के नेतृत्व में की गई।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
18 जुलाई 2026 को थाना शामगढ़ के सहायक उपनिरीक्षक देवी सिंह डामोर को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार (HR26BN0577) में अवैध डोडाचूरा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उज्जैन-गरोठ-ढाबला फोरलेन पर घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस का पीछा... तस्कर खेतों में फरार
जैसे ही पुलिस ने कार को रोकना चाहा, चालक ने वाहन को वापस मोड़कर उज्जैन की ओर तेज रफ्तार से भगाने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्काल पीछा किया। खुद को घिरता देख तस्कर फॉर्च्यूनर कार को फोरलेन पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों में भाग निकले। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर तलाशी ली तो उसमें रखे 5 कट्टों में 100 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।

22 लाख रुपये का माल जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान:
100 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा (अनुमानित कीमत ₹2 लाख)
सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार (HR26BN0577) (अनुमानित कीमत ₹20 लाख)
जब्त की। कुल जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 22 लाख रुपये बताई गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
शामगढ़ थाना पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय, सहायक उपनिरीक्षक देवी सिंह डामोर, आरक्षक विशाल सिंह चंद्रावत, आरक्षक प्रेम कुमार रावत, आरक्षक धर्मेश बैरागी तथा आरक्षक विशाल सोलंकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।