BIG NEWS: नीमच पुलिस की जनसुनवाई में फरियादियों की लगी कतार: एएसपी नवल सिंह सिसोदिया ने मौके पर सुनी समस्याएं, 10 सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का कराया संतुष्टिपूर्वक निराकरण, पढ़े खबर
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित शिविर में पहुंचे करीब 25 आवेदक, थाना प्रभारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
नीमच, 12 मई 2026। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय नीमच में जिला स्तरीय जन सुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर का आयोजन किया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नवल सिंह सिसोदिया ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित थाना प्रभारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

शिविर के दौरान जनसुनवाई के साथ-साथ सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर भी लगाया गया, जिसमें आवेदकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत कीं। एएसपी श्री सिसोदिया ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों के माध्यम से उनके शीघ्र निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करवाई।

विशेष रूप से सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निराकरण पर फोकस करते हुए शिविर में 10 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक समाधान कर उन्हें बंद कराया गया। वहीं जिला स्तरीय जनसुनवाई शिविर में करीब 25 फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।

एएसपी श्री नवल सिंह सिसोदिया ने संबंधित थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण कर आमजन को राहत पहुंचाई जाए। पुलिस विभाग द्वारा आयोजित इस पहल को आमजन के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है।