BIG NEWS: नीमच में आरटीओ का बड़ा एक्शन: गेहूं ढो रहे बिना फिटनेस-परमिट वाले ट्रकों पर गिरी गाज, वेयरहाउसों में मचा हड़कंप, पढ़े खबर
कलेक्टर के निर्देश पर चली सघन जांच मुहिम, 25-30 वाहनों की जांच में 4 ट्रकों पर कार्रवाई; ₹25 हजार का वसूला गया शमन शुल्क
नीमच, 12 मई 2026। जिले के शासकीय वेयर हाउसों में गेहूं परिवहन करने वाले वाहनों पर मंगलवार को परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर जिला परिवहन अधिकारी श्री नंदलाल गामड़ एवं उनकी टीम ने विभिन्न वेयर हाउसों में पहुंचकर वाहनों और उनके दस्तावेजों की सघन जांच की।

जांच के दौरान नीमच तहसील के नर्मदा वेयर हाउस, महेश्वरी वेयर हाउस, शासकीय वेयर हाउस डुंगलावदा, शासकीय वेयर हाउस नीमच तथा मनासा तहसील के हरिहर वेयर हाउस और आदिनाथ वेयर हाउस में कुल 25 से 30 वाहनों की जांच की गई।

कार्रवाई के दौरान 3 ट्रक बिना फिटनेस और 1 ट्रक बिना परमिट के संचालित पाए गए। परिवहन विभाग ने तत्काल चालानी कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन संचालकों से कुल ₹25,000 का शमन शुल्क वसूला।

जिला परिवहन अधिकारी श्री नंदलाल गामड़ ने वेयर हाउस संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि वे परिसर में आने वाले सभी वाहनों के दस्तावेजों की नियमित जांच करें। यदि कोई वाहन बिना वैध दस्तावेजों के पाया जाता है तो इसकी सूचना तत्काल परिवहन विभाग को दी जाए।

आरटीओ श्री गामड़ ने बताया कि जिले में यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं मालिकों पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
