BIG BREAKING: 10 साल से ड्रग्स का काला साम्राज्य चलाने वाला कुख्यात विनोद धाकड़ PIT-NDPS एक्ट में निरुद्ध, भेजा केंद्रीय जेल इंदौर, पढ़े खबर
मनासा/नीमच। नीमच पुलिस ने नशे के कारोबार पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना मनासा क्षेत्र के कुख्यात ड्रग माफिया विनोद धाकड़ पर शिकंजा कस दिया है। PIT-NDPS Act, 1988 के तहत निरुद्ध (Detention) की कार्रवाई करते हुए आरोपी को केंद्रीय जेल इंदौर भेज दिया गया है। यह कार्रवाई आयुक्त उज्जैन संभाग एवं जिला दंडाधिकारी के आदेश पर की गई।

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में मनासा थाना पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 28 वर्षीय विनोद धाकड़, निवासी ग्राम कंजार्डा, पिछले करीब 10 वर्षों से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था। उसका नेटवर्क नीमच से लेकर राजस्थान के चित्तौड़गढ़ सहित सीमावर्ती क्षेत्रों तक फैला हुआ था। आरोप है कि उसने ड्रग्स की सप्लाई के लिए एजेंटों और बिचौलियों का संगठित गिरोह तैयार कर रखा था।

आरोपी के खिलाफ वर्ष 2017 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के तीन गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि उसकी आपराधिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र में लोगों के बीच भय का माहौल था और उसके खिलाफ खुलकर बोलने से लोग कतराते थे।

मनासा थाना पुलिस ने आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर विस्तृत डोजियर तैयार कर जिला दंडाधिकारी को भेजा था। इसके बाद PIT-NDPS Act के तहत निरुद्ध करने के आदेश जारी हुए और आरोपी को केंद्रीय जेल इंदौर भेज दिया गया।

नीमच पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।