BIG NEWS: 24 घंटे में कत्ल का पर्दाफाश! जमीन के 7 आरी टुकड़े ने ली जान, सीतामऊ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में 2 आरोपी गिरफ्तार, पढ़े खबर
सीतामऊ। सनसनीखेज हत्या मामले में सीतामऊ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए महज 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया। ग्राम साखतली निवासी शंकरलाल पाटीदार की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

क्या था पूरा मामला?
दिनांक 27 मार्च 2026 को फरियादी जीवन पाटीदार (उम्र 26 वर्ष) ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पिता शंकरलाल पाटीदार 26 मार्च की रात करीब 8-9 बजे साइकिल से खेत पर सोने गए थे। अगले दिन सुबह गांव के कन्हैयालाल ने जानकारी दी कि शंकरलाल खेत के पास कच्चे रास्ते पर खून से लथपथ हालत में पड़े हैं।सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शंकरलाल मृत अवस्था में मिले। उनके गले और सिर पर धारदार हथियार से गंभीर वार के निशान थे। घटनास्थल पर काफी खून फैला हुआ था, जिससे मामला साफ तौर पर हत्या का प्रतीत हुआ।

जमीन विवाद बना मौत की वजह
जांच में सामने आया कि मृतक शंकरलाल और उनके भतीजे बालेश्वर के बीच गांव के पास स्थित 7 आरी पुश्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसका मामला सिविल कोर्ट में भी विचाराधीन है। इसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया।

ऐसे हुआ खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता कुरील व एसडीओपी दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति ने टीम के साथ संदेहियों से कड़ी पूछताछ की।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि घटना के एक दिन पहले अर्जुन पाटीदार ने मृतक के बेटे को फोन पर धमकी दी थी। इस कड़ी को आधार बनाकर पुलिस ने बालेश्वर और नानालाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने अपने जीजा अर्जुन के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली।

क्या-क्या बरामद हुआ?
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई:
एक कुल्हाड़ी
एक मोटरसाइकिल (हीरो सुपर स्प्लेंडर)
को जब्त कर लिया है।
आरोपी कौन हैं?
बालेश्वर पिता अनोखीलाल पाटीदार (26 वर्ष) निवासी साखतली – गिरफ्तार
नानालाल पिता अनोखीलाल पाटीदार (24 वर्ष) निवासी साखतली – गिरफ्तार
अर्जुन पिता रामनिवास पाटीदार निवासी नाटाराम – फरार

पुलिस की सराहनीय कार्रवाई
सीतामऊ पुलिस की तत्परता और सटीक जांच के चलते एक अंधे कत्ल का खुलासा महज 24 घंटे में हो गया। इस कार्रवाई में पूरी पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसकी क्षेत्र में सराहना की जा रही है।