BIG NEWS :नीमच टाउनहॉल में गूंजा नवकार मंत्र: 800 से अधिक लोगों ने रचा आस्था और एकता का इतिहास,विश्व नवकार दिवस पर सर्वसमाज की सहभागिता,आध्यात्मिकता के साथ सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश,वर्चुअली जुड़े केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah,नवकार मंत्र की महिमा बताई,पढ़े ये खबर
नीमच टाउनहॉल में गूंजा नवकार मंत्र: 800 से अधिक लोगों ने रचा आस्था और एकता का इतिहास,विश्व नवकार दिवस पर सर्वसमाज की सहभागिता,
नीमच। विश्व नवकार दिवस के पावन अवसर पर गुरुवार सुबह शहर के टाउनहॉल में आस्था, आध्यात्मिक ऊर्जा और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह 7:30 बजे शुरू हुए इस भव्य आयोजन में 800 से अधिक लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इसे ऐतिहासिक बना दिया।
इस आयोजन की विशेषता यह रही कि जैन समाज के साथ-साथ पंजाबी, सिंधी, ब्राह्मण एवं अन्य अजैन समुदायों के लोगों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। इससे कार्यक्रम सामाजिक समरसता और भाईचारे का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा।
कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah वर्चुअली जुड़े और अपने संबोधन में नवकार मंत्र की महिमा पर प्रकाश डालते हुए इसे आत्मशुद्धि, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का सार्वभौमिक स्रोत बताया।

कार्यक्रम में इनरव्हील क्लब, लायंस क्लब, जैन सोशल ग्रुप्स, सकल जैन समाज के पदाधिकारी एवं जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जिटो) के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जिटो महिला विंग और यूथ विंग की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन में नई ऊर्जा का संचार किया, जिससे युवाओं की बढ़ती धार्मिक और सामाजिक सहभागिता भी स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
कार्यक्रम की शुरुआत आहना राठौड़ एवं अनिल नायक द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण से हुई, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक भाव से ओतप्रोत कर दिया। इसके पश्चात आहना राठौड़ ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से जिटो लेडीज विंग की गतिविधियों और नवकार मंत्र की महत्ता को सरल और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
स्वागत भाषण में जिटो महिला विंग की जिलाध्यक्ष श्रीमती रिंकू संदीप राठौड़ ने आयोजन के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राकेश पप्पू जैन, बी.के. श्रुति दीदी, बी.के. ज्योति दीदी, अनिल चौरसिया, माधुरी चौरसिया, संतोष चोपड़ा एवं ऋषभ भंडारी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों का सम्मान भी किया गया।]

वक्ताओं ने अपने उद्बोधनों में नवकार मंत्र को केवल जैन धर्म तक सीमित न मानते हुए इसे संपूर्ण मानवता के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और आध्यात्मिक जागरूकता को मजबूत करते हैं और वर्तमान समय में इनकी प्रासंगिकता और भी बढ़ जाती है।
समापन के अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से नवकार मंत्र का जाप कर विश्व शांति, सद्भाव और मानव कल्याण की कामना की। यह आयोजन नीमच शहर में धार्मिक सौहार्द, सामाजिक एकता और आध्यात्मिक चेतना का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया।
कार्यक्रम का संचालन अजय कासलीवाल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन श्रीमती बीना चौधरी ने किया।