BREAKING NEWS: "हिल स्टेशन कुकरू बनेगा सत्ता और जनता के संवाद का सबसे बड़ा मंच... मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की रात्रि चौपाल, ग्रामीणों से सीधी बात और कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों पर सबकी नजर", पढ़े खबर
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को दो दिवसीय प्रवास पर बैतूल जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरू पहुंचेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ग्राम पंचायत कुकरू में आयोजित रात्रि चौपाल में शामिल होकर ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं व सुझावों को सुनेंगे।

मुख्यमंत्री शनिवार शाम 6:30 बजे कुकरू के सनसेट पॉइंट का अवलोकन करेंगे। इसके बाद वे ग्राम पंचायत कुकरू में आयोजित रात्रि चौपाल में हिस्सा लेंगे, जहां ग्रामीणों से सीधे संवाद करेंगे। रात्रि चौपाल के बाद मुख्यमंत्री प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

28 जून, रविवार को मुख्यमंत्री सुबह 6:30 बजे सनराइज एवं बुच प्वाइंट पर मेडिटेशन करेंगे। इसके बाद वे स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित गतिविधियों का अवलोकन करेंगे और उनसे संवाद भी करेंगे।

सुबह 7:30 बजे मुख्यमंत्री पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेने के बाद कॉफी प्लांटेशन का निरीक्षण करेंगे। इसके पश्चात सुबह 10 बजे स्थानीय जनप्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे तथा सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" के सामूहिक श्रवण में शामिल होंगे।

कार्यक्रमों के समापन के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे कुकरू रेस्ट हाउस से हेलीपैड के लिए रवाना होंगे और दोपहर 12:10 बजे हेलीकॉप्टर से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
