NEWS : मनासा के ग्राम मोया में पुलिस ने खोले साइबर ठगों के राज... बताया कैसे एक गलत क्लिक, फर्जी लिंक या APK फाइल पलभर में खाली होगा आपका बैंक अकाउंट,कँहा करे शिकायत, पढ़े खबर
मनासा। मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे 'सेफ क्लिक 2.0' अभियान के तहत पुलिस थाना कुकड़ेश्वर द्वारा ग्राम मोया में साइबर सुरक्षा जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। यह अभियान 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक जिलेभर में संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर डिजिटल सुरक्षा को बढ़ावा देना है।

शिविर में थाना कुकड़ेश्वर के उपनिरीक्षक प्रभुदयाल डोडीयार एवं आरक्षक अर्जुन डामोर ने ग्रामीणों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई लिंक पर क्लिक न करें, किसी भी प्रकार की APK फाइल डाउनलोड या ओपन न करें तथा बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी और अन्य वित्तीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर ठग लोगों को डराकर, फर्जी ऑफर देकर या रातों-रात अमीर बनने का लालच देकर ठगी का शिकार बनाते हैं। ऐसे किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं या नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें।

शिविर के दौरान ग्रामीणों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए गए तथा सभी को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर अपराधों से सतर्क रहने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर जागरूकता बढ़ाना और लोगों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करना रहा।
