NEWS: नन्हें हाथों में थमे सपनों के सर्टिफिकेट, जीरन में 50 बच्चों का भव्य ‘विद्यारंभ’,मासूम मुस्कानों ने जीत लिया सबका दिल,पढ़े खबर 

NEWS: नन्हें हाथों में थमे सपनों के सर्टिफिकेट, जीरन में 50 बच्चों का भव्य ‘विद्यारंभ’,मासूम मुस्कानों ने जीत लिया सबका दिल,पढ़े खबर 

जीरन। शिक्षा की पहली सीढ़ी पर कदम रखते नन्हें-मुन्ने बच्चों का उत्साह उस समय देखने लायक था, जब महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जीरन में भव्य विद्यारंभ समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन नीमच ग्रामीण परियोजना अंतर्गत जीरन सेक्टर के वार्ड क्रमांक 11 से 15 तक के आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए वार्ड क्रमांक 15 स्थित केंद्र पर बड़े ही हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं विधिवत पूजन के साथ हुई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बन गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पार्षद प्रभा राजेश लक्षकार एवं पार्षद विनोद पाटीदार (सीएम) उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षिका सुनीता शर्मा और श्रीमती सोनू अग्रवाल ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव रखते हैं और यही से उनके उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत होती है। इस अवसर पर वार्ड 11 से 15 तक के कुल 50 बच्चों को विद्यारंभ समारोह के प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

जैसे ही नन्हें बच्चों ने अपने हाथों में प्रमाण पत्र थामे, उनके चेहरों पर खुशी और गर्व की झलक साफ दिखाई दी। इस भावुक और आनंदमयी पल ने वहां मौजूद अभिभावकों और अतिथियों का दिल जीत लिया। पालकों ने विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम का सफल संचालन सेक्टर पर्यवेक्षक सपना बैरागी द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं—सुनीता राठौर, सपना कसेरा, संतोष कुंवर, निर्मला तावरे, लक्ष्मी अहिरवार, कंचन अहिरवार, विनोदिता गेहलोत, सीमा कसेरा, पुष्पा दलाल, पार्वती अहिरवार और कौशल्या अहिरवार—का विशेष योगदान रहा। इस मौके पर बड़ी संख्या में अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके उत्साह को दोगुना कर दिया।