BREAKING NEWS: लुनाहेड़ा के तालाब किनारे मगरमच्छ की दस्तक! ग्रामीणों में मचा हड़कंप, वन विभाग ने संभाला मोर्चा; तलाश के बाद भी नहीं आया हाथ, पढ़े खबर

पिपलियामंडी। ग्राम लुनाहेड़ा में तालाब किनारे मगरमच्छ दिखाई देने की खबर से ग्रामीणों में दहशत और हलचल का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने मगरमच्छ को पानी से कुछ दूरी पर किनारे बैठे देखा और तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी।

सूचना मिलते ही मंदसौर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तालाब के आसपास मगरमच्छ की तलाश शुरू की। टीम ने काफी देर तक संभावित स्थानों पर निगरानी और खोजबीन की, लेकिन मगरमच्छ दिखाई नहीं दिया।

आहट मिलते ही पानी में लगा देता है छलांग

ग्रामीणों के अनुसार मगरमच्छ अक्सर तालाब के पानी से करीब 3 से 4 फीट दूर किनारे पर दिखाई देता है। जैसे ही लोगों की आवाजाही या आहट होती है, वह तुरंत तालाब के गहरे पानी में चला जाता है।

तालाब में पानी अधिक गहरा होने के कारण वन विभाग की टीम के लिए मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालना संभव नहीं हो सका।

वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क

वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों से तालाब के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही कहा है कि मगरमच्छ दोबारा दिखाई देने पर उसके पास जाने या उसे पकड़ने का प्रयास न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

मगरमच्छ की मौजूदगी के बाद तालाब क्षेत्र में ग्रामीणों की आवाजाही को लेकर भी सतर्कता बढ़ गई है।