NEWS: मनासा में आजादी का मना जश्न, तिरंगे की शान में सजा पूरा शहर, देशभक्ति गीतों पर झूमे स्कूली बच्चे,दिया नशामुक्ति और स्वच्छता का संदेश, पढ़े खबर
मनासा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को मनासा नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। नगर के शासकीय एवं अर्द्धशासकीय संस्थानों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह के साथ सहभागिता की।

कृषि उपज मंडी में हुआ मुख्य समारोह
स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित किया गया। यहां जनपद अध्यक्ष कामेरी बाई ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसडीएम किरण आंजना, नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. सीमा अजय तिवारी, नगर परिषद उपाध्यक्ष किशोर जोलानिया, जनपद सीईओ, तहसीलदार सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मंच पर मौजूद रहे।

ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता एवं स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले वीरों को नमन किया।

एलसीडी स्क्रीन पर मुख्यमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण
समारोह स्थल पर एलसीडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री के संदेश के वाचन का सीधा प्रसारण भी किया गया। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का संदेश देखा और सुना।

देशभक्ति गीतों पर बच्चों की प्रस्तुति ने बांधा समां
कार्यक्रम का सांस्कृतिक हिस्सा खास आकर्षण का केंद्र रहा। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से नशामुक्ति और स्वच्छता का संदेश भी दिया गया।

बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जागरूकता की भावना को और मजबूत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण देशभक्ति के नारों और भावनाओं से सराबोर रहा।