NEWS: जयकारों से गूंजा मनासा, नरसिंह माता मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा, श्री रामानुज कोट में शुरू हुई सात दिवसीय संगीतमय भागवत कथा, पढ़े खबर

NEWS: जयकारों से गूंजा मनासा, नरसिंह माता मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा, श्री रामानुज कोट में शुरू हुई सात दिवसीय संगीतमय भागवत कथा, पढ़े खबर

रिपोर्ट : मनीष जोलानिया 

मनासा। नगर के प्रसिद्ध श्री रामानुज कोट मंदिर में 2 जून से 8 जून 2026 तक आयोजित होने वाली संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ मंगलवार को भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। धार्मिक उल्लास, भक्ति और श्रद्धा से सराबोर इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर नगर को भक्तिमय बना दिया।

शोभायात्रा रामपुरा रोड स्थित नरसिंह माता मंदिर से प्रारंभ हुई, जो सदर बाजार, गांधी चौक सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री रामानुज कोट मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा जयकारों, भजन-कीर्तन और पुष्पवर्षा के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया गया। महिलाओं, युवाओं और धर्मप्रेमी नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।

कथा का वाचन कथावाचक पंडित श्री शिवम बापू (घटिया रघुनाथपुर, देवास) द्वारा किया जा रहा है। वे अपनी मधुर एवं ओजस्वी वाणी से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं तथा श्रीमद्भागवत महापुराण के प्रेरणादायी प्रसंगों का रसपान करा रहे हैं।

आयोजन समिति के अनुसार कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 1:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगा। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, संस्कार और आध्यात्मिक ज्ञान का संदेश मिलेगा।

समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण करने तथा इस पुण्य आयोजन का लाभ लेने की अपील की है।