BIG NEWS: स्नेपचैट पर दोस्ती, होटल की कहानी और ब्लैकमेल का खेल... आखिर कौन था ‘होटल वाला’? मंदसौर पुलिस ने 15 लाख के सोने के साथ खोला बड़ा राज, पढ़े खबर

BIG NEWS: स्नेपचैट पर दोस्ती, होटल की कहानी और ब्लैकमेल का खेल... आखिर कौन था ‘होटल वाला’? मंदसौर पुलिस ने 15 लाख के सोने के साथ खोला बड़ा राज, पढ़े खबर

मंदसौर। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती, प्रेम संबंध और फिर ब्लैकमेलिंग के जाल में फंसाकर लाखों रुपये के सोने के आभूषण हड़पने वाले शातिर आरोपी का पर्दाफाश करते हुए थाना वायडी नगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 15 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल एवं सीएसपी जितेंद्र भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की पहचान गोपनीय रखते हुए बताया गया कि उसकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नेपचैट पर एक युवक से दोस्ती हुई थी, जिसने खुद को राजवीर बताया। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और आरोपी पीड़िता से मिलने मंदसौर आया। आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर होटल में शारीरिक संबंध बनाए।

कुछ समय बाद आरोपी ने नया खेल शुरू किया। उसने पीड़िता को यह कहकर डराया कि होटल में बने वीडियो होटल संचालक के पास हैं और वीडियो वायरल न करने के बदले रुपये व सोने के आभूषण मांगे जा रहे हैं। बदनामी के डर से पीड़िता ने अपने घर के सोने के जेवर आरोपी को सौंप दिए।

मामले की शिकायत मिलने पर वायडी नगर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर सेल की मदद से आरोपी की सोशल मीडिया गतिविधियों और मोबाइल नंबरों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि कथित “होटल वाला” कोई और नहीं, बल्कि आरोपी स्वयं ही था, जिसने दूसरी सिम लेकर पीड़िता को ब्लैकमेल किया।

जांच के दौरान आरोपी की पहचान गोपाराम उर्फ गोपाल उर्फ राजवीर (28 वर्ष), निवासी कानाकोलर, थाना शिवगंज, जिला सिरोही (राजस्थान) के रूप में हुई। पुलिस टीम ने सूरत के कतरगाम क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने सोने के आभूषण अपने गांव में छिपाकर रखे हैं।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर राजस्थान के सिरोही जिले से चार सोने की चूड़ियां, चार अंगूठियां, पांच मांडलिया, एक हार, एक मंगलसूत्र, एक सोने की चेन और एक जोड़ी झुमके सहित कुल लगभग 15 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए।

इस चुनौतीपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय, उपनिरीक्षक जगदीश ठाकुर, प्रधान आरक्षक मनीष लबाना, अरविंद पुरोहित, आरक्षक राजेंद्र मेघवाल, दीपक सुथार तथा साइबर सेल के आशीष बैरागी, मुजफ्फरउद्दीन और मनीष बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेते हुए ऐसे मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।