BIG NEWS: रसोई गैस के बढ़ते दामों पर जीरन में कांग्रेस का हल्लाबोल, सड़क पर उतरे कार्यकर्ता, सिलेंडर को माला पहनाकर जताया आक्रोश, पढ़े खबर
जीरन। बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि के विरोध में जीरन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को जोरदार धरना प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैनर तले जमकर नारेबाजी की और महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में रसोई गैस सिलेंडर को माला पहनाकर अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई का सीधा असर आम परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है और रसोई गैस के बढ़ते दाम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं।

धरना प्रदर्शन का नेतृत्व जीरन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र सिंह राणावत ने किया। प्रदर्शन में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विनोद दक सहित जीरन ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।

धरना प्रदर्शन के बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार, जीरन को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से बढ़ती महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण करने तथा रसोई गैस के दाम कम करने की मांग उठाई गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के मुद्दे पर आगे भी आवाज उठाने की बात कही।