BIG NEWS : सचिव अंजन कुमार मिश्रा का औचक निरीक्षण, पीएमश्री स्कूल बूढ़ा, केंद्रीय विद्यालय मंदसौर में व्यवस्थाओं की सराहना,‘फिट इंडिया’ से जोड़ने के दिए निर्देश,पढ़े खबर
मंदसौर। पेट्रोलियम एवं नेचुरल गैस रेगुलेटरी बोर्ड, भारत सरकार के सचिव अंजन कुमार मिश्रा ने गुरुवार को पीएम श्री शासकीय कन्या हाई स्कूल बूढ़ा एवं केंद्रीय विद्यालय मंदसौर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूल की शैक्षणिक गतिविधियों, प्रयोगशालाओं, खेल सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया और विद्यार्थियों-शिक्षकों से संवाद भी किया।

इस अवसर पर कलेक्टर अदिती गर्ग, सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन, प्राचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
लैब और डिजिटल शिक्षा पर विशेष फोकस
सचिव श्री मिश्रा ने फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स लैब का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से प्रयोगात्मक कार्यों की जानकारी ली। कंप्यूटर कक्ष में छात्रों द्वारा की जा रही कोडिंग गतिविधियों की सराहना करते हुए आधुनिक तकनीक के उपयोग को प्रोत्साहित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बारे में चर्चा कर शिक्षा में इसके बढ़ते महत्व को रेखांकित किया।

‘फिट इंडिया’ से जोड़ने के निर्देश
खेल एवं क्रीड़ा कक्ष का निरीक्षण करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। साथ ही स्पष्ट कहा कि स्कूल को फिट इंडिया अभियान से जोड़ा जाए, ताकि छात्र-छात्राएं नियमित खेलकूद के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।

हर्बल गार्डन और व्यवस्थाओं की जांच
निरीक्षण के दौरान पुस्तकालय, संगीत कक्ष, हर्बल गार्डन तथा पूरे स्कूल परिसर का भ्रमण किया गया। हर्बल गार्डन में पौधों की टैगिंग करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, प्रसाधन कक्षों की साफ-सफाई और मिड-डे मील की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। किचन शेड में कुक से चर्चा कर भोजन के मीनू और डाइनिंग व्यवस्था की जानकारी ली।
निरीक्षण के अंत में सचिव श्री मिश्रा ने स्कूल के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शैक्षणिक गुणवत्ता और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के बेहतर समन्वय से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सकता है।