NEWS: भक्ति के रंग में रंगेगी गोकुलधाम कॉलोनी, महादेव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा का तीन दिवसीय महोत्सव कल से, तो महाशिवरात्रि पर अभिजीत मुहूर्त में होगा कलशारोहण

भक्ति के रंग में रंगेगी गोकुलधाम कॉलोनी, महादेव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा का तीन दिवसीय महोत्सव कल से

NEWS: भक्ति के रंग में रंगेगी गोकुलधाम कॉलोनी, महादेव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा का तीन दिवसीय महोत्सव कल से, तो महाशिवरात्रि पर अभिजीत मुहूर्त में होगा कलशारोहण

नीमच। उपनगर बघाना स्थित गोकुलधाम कॉलोनी में महादेव की असीम कृपा से एक विशाल धार्मिक उत्सव का शंखनाद होने जा रहा है। आगामी महाशिवरात्रि के पावन पर्व के उपलक्ष्य में नवनिर्मित मंदिर में महादेव के संपूर्ण परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा एवं स्थापना का भव्य तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस आयोजन को लेकर समूचे क्षेत्र के श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह का माहौल है।

शास्त्रोक्त विधि से संपन्न होंगे अनुष्ठान-
कार्यक्रम की शुरुआत 13 फरवरी, शुक्रवार को दोपहर 2:00 बजे से होगी, जहाँ प्रथम दिवस के स्थापना पूजन संपन्न किए जाएंगे। दूसरे दिन 14 फरवरी को प्रातः 8:30 बजे से विद्वान पंडितों के सानिध्य में देव पूजन, वास, हवन एवं रुद्राभिषेक जैसे अनुष्ठान होंगे।

महाशिवरात्रि पर शिखर पर लहराएगा धर्म ध्वज-
उत्सव का मुख्य आकर्षण 15 फरवरी, महाशिवरात्रि को देखने को मिलेगा। इस दिन शुभ अभिजीत मुहूर्त में भोलेनाथ के परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। इसी मंगल बेला में मंदिर के शिखर पर पूर्ण विधि-विधान के साथ कलश स्थापना एवं ध्वज दंड चढ़ाने का कार्यक्रम संपन्न होगा।

विशाल फलाहारी प्रसादी (भंडारा)-
प्राण-प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर आयोजन समिति द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन रखा गया है। इसमें पूरी कॉलोनी के निवासियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के लिए विशेष फलाहारी प्रसादी का आयोजन रखा गया हैं।

धर्मप्रेमी जनता से पधारने की अपील-
इस पूरे भव्य आयोजन और नवनिर्मित मंदिर की व्यवस्थाओं का नेतृत्व कर रहे होस्ट हब के संचालक व जाने-माने बिल्डर विक्रम सिंह राजपूत (बिहार वाले) ने समस्त भक्तगणों और धर्मप्रेमियों से आग्रह किया है कि वे इस त्रि-दिवसीय महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पधारकर महादेव का आशीर्वाद लें और महाप्रसादी ग्रहण कर पुण्य के भागी बनें।