BREAKING NEWS: महावीर जयंती पर बड़ा बदलाव, अब एक दिन नहीं, कलेक्टर तय करेंगे छुट्टी की तारीख, 30 या 31 मार्च—कब रहेगा अवकाश, पढ़े पूरी खबर
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने महावीर जयंती 2026 के अवकाश को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए महत्वपूर्ण संशोधन जारी किया है। इस आदेश के बाद अब पूरे प्रदेश में एक ही दिन छुट्टी नहीं रहेगी, बल्कि अलग-अलग जिलों में छुट्टी की तारीख बदल सकती है।

जारी अधिसूचना के अनुसार, पहले 31 मार्च 2026 (मंगलवार) को महावीर जयंती के अवसर पर सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश घोषित किया गया था। लेकिन अब राज्य शासन ने स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह अधिकार जिला कलेक्टरों को सौंप दिया है कि वे अपने जिले में जरूरत के अनुसार अवकाश की तारीख तय कर सकें।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी जिले में महावीर जयंती 31 मार्च को ही मनाई जा रही है, तो उस दिन अवकाश यथावत रहेगा और अलग से आदेश जारी करने की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं, यदि स्थानीय स्तर पर आयोजन या परंपरा के अनुसार तिथि में बदलाव की जरूरत हो, तो कलेक्टर 30 मार्च 2026 (सोमवार) को भी अवकाश घोषित कर सकते हैं।

इस फैसले के बाद अब प्रदेश में छुट्टी को लेकर स्थिति पूरी तरह जिला स्तर पर निर्भर हो गई है। यानी किसी जिले में 30 मार्च को छुट्टी रहेगी तो कहीं 31 मार्च को अवकाश रहेगा। इस बदलाव का सीधा असर स्कूल, कॉलेज, सरकारी कार्यालयों और बैंकों पर पड़ेगा, जहां अवकाश की अंतिम तिथि संबंधित जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार तय होगी। ऐसे में आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपने जिले के कलेक्टर द्वारा जारी आदेश जरूर चेक करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

यह निर्णय सामाजिक संगठनों से प्राप्त सुझावों और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जिससे हर जिले में महावीर जयंती का पर्व वहां की परंपरा और सुविधा के अनुसार मनाया जा सके।