BIG NEWS: कमर्शियल गैस पर महंगाई का बड़ा वार, 1000 रु. बढ़ोतरी से छोटे व्यापारियों की टूटी कमर, मुकेश कालरा बोले, फैसले को तुरंत वापस ले सरकार, वरना बंद होंगे हजारों धंधे, पढ़े खबर

BIG NEWS: कमर्शियल गैस पर महंगाई का बड़ा वार, 1000 रु. बढ़ोतरी से छोटे व्यापारियों की टूटी कमर, मुकेश कालरा बोले, फैसले को तुरंत वापस ले सरकार, वरना बंद होंगे हजारों धंधे, पढ़े खबर

नीमच। कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में अचानक हुई भारी बढ़ोतरी ने शहर के छोटे व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। चुनाव समाप्त होते ही कीमतों में करीब 1000 रुपये की वृद्धि को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध के स्वर उठने लगे हैं। नीमच शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मुकेश कालरा ने इस फैसले को आमजन और छोटे व्यवसायियों के लिए बड़ा झटका बताया है।

मुकेश कालरा ने कहा कि इस बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर ठेले-गुमटी संचालकों, चाय-नाश्ता विक्रेताओं, होटल-ढाबा संचालकों और छोटे खाद्य व्यवसायियों पर पड़ेगा, जो पहले ही बढ़ती महंगाई के बीच मुश्किल से अपना गुजारा कर रहे हैं। गैस सिलेंडर महंगा होने से इन व्यवसायों की लागत बढ़ेगी, जिससे या तो उन्हें अपने उत्पादों के दाम बढ़ाने पड़ेंगे या फिर घाटा उठाना पड़ेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि कमर्शियल गैस का उपयोग करने वाले छोटे उद्योग और निर्माता भी इस बढ़ोतरी से प्रभावित होंगे। उत्पादन लागत बढ़ने के कारण वे अपने उत्पादों के दाम बढ़ाने को मजबूर होंगे, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।

कालरा ने चिंता जताई कि गैस की कीमतों में लगभग 50 प्रतिशत तक की वृद्धि से आम जनता की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। पहले से ही महंगाई से जूझ रहे लोगों के लिए जीवन यापन और कठिन हो जाएगा। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि कई छोटे दुकानदार बढ़ती लागत के कारण अपना व्यवसाय बंद करने को मजबूर हो सकते हैं।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि इस बढ़ोतरी का असर सामाजिक आयोजनों, खासकर वैवाहिक कार्यक्रमों के बजट पर भी पड़ेगा, जिससे आम परिवारों की आर्थिक योजना प्रभावित होगी।

मुकेश कालरा ने सरकार से मांग की है कि इस निर्णय पर तत्काल पुनर्विचार किया जाए और कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ाई गई कीमतों को वापस लिया जाए, ताकि छोटे व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।