BIG NEWS: पत्थर तोड़ने वाले ही गढ़ेंगे देश का भविष्य, इंजी नवीन कुमार अग्रवाल का बड़ा बयान, आम आदमी पार्टी ने मजदूर दिवस पर श्रमिकों का किया भव्य सम्मान, पढ़े खबर
नीमच। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर आम आदमी पार्टी द्वारा नीमच में श्रमिकों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ श्रमिकों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया और उनके योगदान को सराहा गया।

कार्यक्रम में श्रमिकों को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर नवीन कुमार अग्रवाल ने कहा, “जिंदगी वो गढ़ेंगे जो पत्थर तोड़ते हैं”। उन्होंने कहा कि आज हम जिन भौतिक सुविधाओं—बिजली, पानी, सड़क, आवास और भोजन—का उपयोग कर रहे हैं, उसके पीछे लाखों मजदूरों का कठिन परिश्रम छिपा हुआ है। श्रमिकों के बिना किसी भी विकसित समाज की कल्पना संभव नहीं है।

अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्र की मजबूत नींव श्रमिक ही तैयार करते हैं, चाहे वे सड़क निर्माण में लगे हों, खेतों में मेहनत कर रहे किसान हों, फैक्ट्रियों में कार्यरत मजदूर हों या सफाई कर्मचारी—हर व्यक्ति राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने सभी श्रमिकों को नमन करते हुए उनके योगदान को अमूल्य बताया।

उन्होंने वर्तमान व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज भी श्रमिकों के लिए मूलभूत सुविधाएं जैसे छायादार स्थान, पेयजल, रैन बसेरा और शौचालय जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने संकल्प लिया कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर श्रमिकों के लिए बेहतर कार्य समय, उचित वेतन, स्वास्थ्य सेवाएं, बीमा सुविधा और बाल मजदूरी पर रोक जैसे मुद्दों पर ठोस कार्य किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों का पुष्पमाला से सम्मान करने के साथ ही उन्हें मिठाई खिलाकर मजदूर दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

इस अवसर पर राजस्थान प्रदेश कोऑर्डिनेटर प्रशांत जायसवाल, पेंशनर प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बालचंद वर्मा, जिला संगठन मंत्री चंद्रेश सेन, अशोक सागर, लविश कनोजिया, अर्जुन कुमावत, श्रीमती शबनम कुरैशी, सानिया कुरैशी, आमिना बी, इरफान कुरैशी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।