BIG NEWS: चाय की चुस्की… और मौत का वार, मंदसौर का शुक्ला चौक बना खून का मैदान, सिर्फ ‘घूरकर देखने’ की बात… और दोस्त ने कर दिया कत्ल,एक युवक की मौत, दूसरा जिंदगी और मौत के बीच लड़ रहा जंग, पढ़े खबर
मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर शहर में रविवार रात हुई चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। कोतवाली थाना क्षेत्र के शुक्ला चौक (अशोक टॉकीज क्षेत्र) में मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, साहिल (20) पिता अय्युब अपने दोस्तों के साथ शुक्ला चौक स्थित एक चाय की दुकान पर बैठकर चाय पी रहा था। इसी दौरान उसका ही परिचित और दूर का रिश्तेदार अमन उर्फ पुन्नू पिता आमिन वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच घूरकर देखने की बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और आरोपी अमन ने अचानक चाकू निकालकर साहिल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान वहां मौजूद रहीम पिता मुन्ना शाह, जो चौराहे पर चाय पी रहे थे, भी हमले की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद साहिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल रहीम का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। अस्पताल में भी बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी, जिससे तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि विवाद अमन उर्फ पुन्नू और साहिल के बीच हुआ था, जिसका कारण घूरने की बात सामने आया है। विवाद के दौरान आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे यह घटना हुई। वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल ने बताया कि आरोपी और मृतक दोनों दूर के रिश्तेदार हैं और मदारपुरा क्षेत्र के निवासी हैं। घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या (Murder) और हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है।

गौरतलब है कि मंदसौर में पिछले कुछ दिनों से लगातार चाकूबाजी की घटनाएं सामने आ रही हैं। बीते तीन दिनों में इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे शहर में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। एसपी विनोद मीणा के प्रयासों के बावजूद इन घटनाओं पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं हो पा रहा है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि मामूली विवाद भी किस तरह जानलेवा बन सकते हैं, और रिश्तों की डोर भी ऐसे गुस्से के आगे कमजोर पड़ जाती है।