NEWS: EX मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह भाटी का मुख्य आतिथ्य और डॉ विजय भारती की उपस्थिति,हुआ जीरन में एचपीवी टीकाकरण अभियान का भव्य शुभारंभ,सर्वाइकल कैंसर मुक्त भविष्य की ओर मजबूत कदम,पढ़े खबर
जीरन। सर्वाइकल कैंसर के खतरे को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से भारत सरकार के राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत नीमच जिले में शनिवार से ह्यूमन पैपीलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत जिले की 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी पात्र किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार यह वैक्सीन भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करती है और महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जीरन में प्रातः 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह भाटी के मुख्य आतिथ्य एवं ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. विजय भारती की उपस्थिति में अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर फोफलिया क्षेत्र की 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को एचपीवी के टीके लगाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंडल अध्यक्ष भाटी ने कहा कि भारत सरकार द्वारा बेटियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए चलाया जा रहा यह अभियान अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे किसी भी भ्रांति में न रहें और अपनी बालिकाओं का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि जन-जागरूकता ही इस अभियान की सफलता की कुंजी है और समाज के हर वर्ग को इसमें सक्रिय सहभागिता निभानी चाहिए।

वहीं बीएमओ डॉ. विजय भारती ने बताया कि चिकित्सा विभाग द्वारा सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों से पात्र छात्राओं का डाटा एकत्रित कर सुव्यवस्थित कार्ययोजना बनाई गई है, ताकि कोई भी किशोरी इस महत्वपूर्ण टीकाकरण से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि वैक्सीनेशन पूरी तरह सुरक्षित है और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत लगाया जा रहा है।

टीकाकरण के पश्चात पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं बीएमओ द्वारा किशोरी बालिकाओं को वैक्सीनेशन प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम के आरंभ में अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर स्वस्थ एवं सशक्त समाज की कामना की गई।

इस अवसर पर के.एस. शक्तावत, सेक्टर सुपरवाइजर संजय लिम्बोदिया, वाजिद मंसूरी, अस्पताल का नर्सिंग स्टाफ, आशा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किशोरी बालिकाएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। अभियान को लेकर क्षेत्र में उत्साह का वातावरण देखा गया और स्वास्थ्य विभाग ने इसे जनभागीदारी से सफल बनाने का संकल्प दोहराया।