NEWS: मनासा कॉलेज में मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता की पहल... विद्यार्थियों को बताया तनाव से बाहर निकलने का मंत्र, आत्महत्या रोकथाम पर विशेषज्ञों ने दिए जीवन बदलने वाले संदेश, पढ़े खबर

NEWS: मनासा कॉलेज में मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता की पहल... विद्यार्थियों को बताया तनाव से बाहर निकलने का मंत्र, आत्महत्या रोकथाम पर विशेषज्ञों ने दिए जीवन बदलने वाले संदेश, पढ़े खबर

मनासा। शासकीय महाविद्यालय मनासा में प्राचार्य डॉ. एम.एल. धाकड़ के निर्देशन में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, चिंता प्रबंधन एवं आत्महत्या रोकथाम विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शासकीय चिकित्सालय मनासा के डॉ. प्रमोद पाटीदार ने विद्यार्थियों को तनावमुक्त जीवन, सकारात्मक सोच और मानसिक रूप से मजबूत बनने के महत्वपूर्ण उपाय बताए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत डॉ. सी.एस. बारीवाल, डॉ. ममता बसेर, डॉ. स्मिता रावत एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष यशवंत राठौर सहित महाविद्यालय परिवार ने किया।

प्राचार्य डॉ. एम.एल. धाकड़ ने विद्यार्थियों को वर्तमान में जीने, अनावश्यक चिंता से दूर रहने और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया। वहीं मानसिक स्वास्थ्य प्रभारी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉ. सी.एस. बारीवाल ने महाविद्यालय द्वारा मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के लिए संचालित गतिविधियों की जानकारी दी।

मुख्य वक्ता डॉ. प्रमोद पाटीदार ने कहा कि जीवन अनमोल है और किसी भी समस्या का समाधान आत्महत्या नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों से तनाव को स्वयं पर हावी नहीं होने देने, आवश्यकता पड़ने पर परिवार, मित्रों और विशेषज्ञों से खुलकर संवाद करने तथा हर परिस्थिति में सकारात्मक सोच बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा, "आज को संवारिए, कल की चिंता में अपना वर्तमान मत खोइए।"

पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष यशवंत राठौर ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन का सीमित एवं संतुलित उपयोग करने, अच्छी संगति अपनाने तथा नशे, गलत आदतों और नकारात्मक विचारों से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अच्छी संगति व्यक्ति के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाती है।

कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेवक शिल्पा सेठिया ने किया, जबकि अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉ. सी.एस. बारीवाल ने सभी अतिथियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।