NEWS: भक्ति के रंग में रंगा शहर, झूलेलाल जन्मोत्सव पर निकली विशाल शोभायात्रा, पुष्पवर्षा से हुआ भव्य स्वागत, हर गली में गूंजे जयकारे,पढ़े खबर 

NEWS: भक्ति के रंग में रंगा शहर, झूलेलाल जन्मोत्सव पर निकली विशाल शोभायात्रा, पुष्पवर्षा से हुआ भव्य स्वागत, हर गली में गूंजे जयकारे,पढ़े खबर 

नीमच, सिंधी समाज के आराध्य देव, वरुण अवतार भगवान झूलेलाल जी का जन्मोत्सव आज पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसी कड़ी में पूज्य सिंधी पंचायत द्वारा पिछले एक महीने से चल रहे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समापन आज एक भव्य चल समारोह के साथ हुआ। भक्ति, संगीत और अटूट श्रद्धा के इस संगम में पूरा शहर ‘झूलेलाल’ के जयकारों से गूंज उठा।

शहर के ऐतिहासिक भागेश्वर मंदिर से आज आस्था का अद्भुत सैलाब उमड़ा। चेटीचंड के पावन अवसर पर सुबह मंदिर परिसर में भगवान झूलेलाल जी का विधि-विधान से अभिषेक किया गया और ज्योति प्रज्वलित कर भव्य चल समारोह की शुरुआत हुई,

बैंड-बाजों की गूंज पर थिरकती महिलाएं,डीजे की धुन पर झूमते युवा,और ‘पल्लव’ गाते भक्तों की टोलियां पूरे माहौल को भक्तिमय बना रही थीं। फूलों से सुसज्जित भव्य रथ में विराजित भगवान झूलेलाल के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जैसे-जैसे यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, वैसे-वैसे हर ओर भक्ति और उत्साह का रंग गहराता गया।

जगह-जगह शहरवासियों ने पुष्प वर्षा कर चल समारोह का स्वागत किया और अपनी श्रद्धा अर्पित की। पूरा शहर मानो भक्ति के रंग में रंग गया हो। विभिन्न मार्गों से होते हुए यह भव्य चल समारोह पुनः भागेश्वर मंदिर पहुंचा, लेकिन उत्सव का उल्लास यहीं नहीं थमा। पंचायत पदाधिकारियों के अनुसार, शाम को भव्य मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज के बच्चे, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में भाग लेंगे। सिंधी व्यंजनों के स्टॉल, पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां इस उत्सव की रौनक को और भी दोगुना कर देंगी।