BIG NEWS : जावद बावल दरवाजा हनुमान मंदिर की दानपेटी फिर टूटी,चोर नकदी ले उड़े, कुछ दिन पहले भी हो चुकी है चोरी, श्रद्धालुओं में आक्रोश,सुरक्षा पर उठे सवाल, पढ़े ये खबर
जावद | नगर में चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बीती रात बावल दरवाजा स्थित हनुमानजी मंदिर की दानपेटी को अज्ञात चोरों ने एक बार फिर निशाना बनाया। चोर दानपेटी को तोड़कर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए।

गौरतलब है कि इसी मंदिर की दानपेटी कुछ दिन पूर्व भी तोड़ी गई थी, उस दौरान भी चोर नकदी लेकर चले गए थे। लगातार दूसरी बार हुई चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बार-बार चोरी की घटनाएं होने के बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और मंदिर समिति व स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से मंदिर परिसर में सुरक्षा बढ़ाने तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
