BREAKING NEWS: जमीन हमारी, रास्ता भी हमारा… फिर हमें ही बता दिया अतिक्रमणकारी! रड़ी लासूर में भूमि विवाद ने पकड़ा तूल, कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंचा बंजारा परिवार, पढ़े खबर
परिवार ने मांगी सुरक्षा और न्याय
नीमच। जावद तहसील के ग्राम रड़ी लासूर निवासी तीन लोगों ने मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में शिकायत आवेदन देकर जमीन विवाद को लेकर परिवारजनों पर गंभीर आरोप लगाए। शिकायतकर्ताओं ने अपनी खरीदी हुई कृषि भूमि में जबरन रास्ता निकालने, भूमि को अतिक्रमण घोषित करवाने, गाली-गलौच एवं मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

शिकायत में सुरजमल पिता बिहारीलाल बंजारा, शारदाबाई पति सुरजमल बंजारा एवं तुलसीबाई पति राहुल बंजारा ने बताया कि वे ग्राम रड़ी लासूर के निवासी हैं तथा उनकी मकान और कृषि भूमि गांव में स्थित है। उनके अनुसार करीब दो वर्ष पूर्व उन्होंने सुरेश पिता अम्बालाल बंजारा एवं राजू पिता अम्बालाल बंजारा निवासी रड़ी लासूर, हाल मुकाम चौकड़ी, जिला प्रतापगढ़ राजस्थान से करीब एक बीघा कृषि भूमि खरीदी थी। यही भूमि उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है।

आवेदन में आरोप लगाया गया कि परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा उनकी कृषि भूमि में से जबरन रास्ता निकाल दिया गया। इस संबंध में एसडीएम एवं तहसीलदार जावद को शिकायत की गई, लेकिन शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उनकी भूमि को ही अतिक्रमण घोषित कर दिया गया, जबकि आसपास की भूमि पर भी कई लोगों का कब्जा होने का दावा किया गया है। शिकायत में यह भी कहा गया कि अब उक्त भूमि पर मंदिर निर्माण की तैयारी की जा रही है।

घर पहुंचकर धमकाने और सीसीटीवी तोड़ने का आरोप
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि परिवार के लोगों द्वारा उन्हें लगातार मानसिक एवं शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा है। उनके पुत्र एवं पति राहुल बंजारा को झूठे मामले में फंसाने का भी आरोप लगाया गया। साथ ही घर पर आकर डराने-धमकाने तथा गांव से भगाने और जान से मारने की धमकियां देने की बात कही गई है। शिकायत में घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त करने का भी आरोप लगाया गया है।

मिलने आए परिचित से विवाद और कार में तोड़फोड़ का आरोप
शिकायत में करीब 10 दिन पूर्व हुई एक घटना का भी उल्लेख किया गया है। इसमें बताया गया कि राजू भील निवासी डसानी उनसे मिलने आया था। आरोप है कि परिवार के लोगों ने उसका रास्ता रोककर अभद्र व्यवहार एवं गाली-गलौच की तथा उसकी कार में तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना 112 पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राजू भील को थाने ले गई। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इसके बावजूद अब तक संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर या अन्य कार्रवाई नहीं हुई।
कलेक्टर से जांच, सुरक्षा और कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ताओं ने कलेक्टर से मांग की है कि यदि उनकी भूमि शासकीय भूमि अथवा अतिक्रमण की श्रेणी में आती है तो जिस व्यक्ति से उन्होंने जमीन खरीदी थी, उससे संबंधित भूमि उन्हें दिलाई जाए। साथ ही आसपास की भूमि पर कब्जा कर कृषि करने वाले लोगों की भी जांच कर कार्रवाई की जाए।

उन्होंने अपनी कृषि भूमि को अतिक्रमण संबंधी आदेश से मुक्त कराने, परिवारजनों से सुरक्षा दिलाने तथा जान-माल की रक्षा के साथ शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।