BIG NEWS: “जिस पर था सबसे ज्यादा भरोसा… उसी ने दिया सबसे बड़ा धोखा!”,मुनीम ने रची अंदरूनी साजिश, करी 10 लाख की ज्वैलरी गायब, CCTV फुटेज बना गवाह,हुआ जावद थाने मे मामला दर्ज, पढ़े पूरी खबर
नीमच/जावद। जिले के जावद कस्बे में भरोसे को तोड़ने वाली चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक मुनीम ने 18 साल तक मालिक का विश्वास जीतने के बाद उसी भरोसे का फायदा उठाते हुए करीब 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। मामला तब उजागर हुआ जब व्यापारी ने पुराने CCTV फुटेज और हिसाब-किताब खंगाला।

भरोसे की आड़ में चलता रहा खेल
लक्ष्मीनाथ मार्ग स्थित एमएल ज्वैलर्स के संचालक राजेश सोनी की दुकान पर पंकज कुमार पिछले 18 सालों से मुनीम के रूप में काम कर रहा था। लंबे समय के चलते वह परिवार जैसा बन चुका था। दुकान की चाबी, कैश और गहनों की पूरी जिम्मेदारी उसी के पास थी।

स्टॉक में गड़बड़ी से हुआ शक
कुछ समय से दुकान के स्टॉक और कैश में अंतर नजर आने लगा। जब व्यापारी ने पंकज से हिसाब मांगा तो वह टालमटोल करने लगा और अचानक काम पर आना बंद कर दिया। इसी बीच उसने उसी इलाके में अपनी खुद की ज्वैलरी दुकान भी खोल ली, जिससे शक गहरा गया।

CCTV फुटेज ने खोला राज
शक के आधार पर जब पुराने (2021-22) DVR फुटेज खंगाले गए, तो पंकज की संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। वह दुकान में अकेले होने पर धीरे-धीरे जेवर और नकदी निकालता हुआ दिखाई दिया। हिसाब मिलान में करीब 10 लाख रुपए की हेराफेरी सामने आई।

समझौते की कोशिश नाकाम
थाने जाने से पहले समाज के स्तर पर मामला सुलझाने की कोशिश की गई। बैठक में आरोपी पक्ष ने रकम लौटाने की बात मानी, लेकिन समय गुजरने के बाद भी पैसे वापस नहीं किए गए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
जावद थाना पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर आरोपी पंकज के खिलाफ IPC की धारा 381 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस CCTV फुटेज और बही-खातों की जांच कर रही है। मामले की जांच एएसआई अर्पिता बोहरा द्वारा की जा रही है।