NEWS: रामपुरा में संकट मोचन बालाजी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का हुआ आयोजन, साथ 1.54 करोड़ के शेड का भव्य लोकार्पण, उमड़ा हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब, पढ़े खबर
रामपुरा — कृषि उपज मंडी रामपुरा इन दिनों भक्ति, उत्साह और विकास के संगम का साक्षी बनी। तीन दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन के तहत श्री संकट मोचन बालाजी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ, जिसमें नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

महोत्सव की शुरुआत 1 मई को हेमाद्री स्नान और भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। मातृशक्ति की विशेष भागीदारी ने पूरे आयोजन को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद अभिषेक और आरती के साथ वातावरण जयकारों से गूंज उठा।

2 मई को पूजन, अभिषेक, अग्नि प्रवेश और हवन जैसे धार्मिक अनुष्ठान विधिवत सम्पन्न हुए। वहीं अंतिम दिन विशेष अभिषेक के बाद दोपहर 12:15 बजे प्राण प्रतिष्ठा एवं शिखर प्रतिष्ठा संपन्न की गई। शाम 4 बजे हुई महाआरती में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरे अनुष्ठान को यज्ञ आचार्य पंडित सोनू शास्त्री (मोलखी वाले) ने विधिपूर्वक संपन्न कराया।

इस भव्य आयोजन के साथ ही ₹154.73 लाख की लागत से बने टीन शेड का लोकार्पण भी किया गया। इस अवसर पर परम पूजनीय गुरुदेव, क्षेत्रीय विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, भाजपा पदाधिकारी, व्यापारी वर्ग और किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन के साथ हुई।

विधायक श्री मारू ने अपने संबोधन में कहा कि
“बालाजी प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही रामपुरा मंडी के विकास के नए द्वार खुल गए हैं। किसानों और व्यापारियों को अब बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। भविष्य में दुकान निर्माण, कैंटीन व्यवस्था और अन्य विकास कार्यों के प्रस्ताव भी पारित किए गए हैं।”
कार्यक्रम के उपरांत विशाल महाप्रसादी भंडारे का आयोजन किया गया, जो देर रात तक चलता रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

इस पूरे आयोजन को बालाजी समिति रामपुरा, समस्त कृषक बंधु एवं व्यापारी संघ के सहयोग से सफल बनाया गया। कार्यक्रम का संचालन मंडी इंस्पेक्टर लोकेंद्र सिंह भाटी ने किया, जबकि आभार मंडी सचिव कमलेश कुमार मीणा ने व्यक्त किया।