BREAKING NEWS : “मां भादवा की पावन नगरी नीमच में नवरात्रि के 9 दिन मांस-मछली-अंडे की बिक्री पर लगे पूर्ण प्रतिबंध, धार्मिक आस्था का हवाला देकर संगठनों ने प्रशासन को सौंपा बड़ा ज्ञापन,पूरे जिले में दुकाने बंद करने की उठी जोरदार मांग, पढ़े खबर

BREAKING NEWS : “मां भादवा की पावन नगरी नीमच में नवरात्रि के 9 दिन मांस-मछली-अंडे की बिक्री पर लगे पूर्ण प्रतिबंध, धार्मिक आस्था का हवाला देकर संगठनों ने प्रशासन को सौंपा बड़ा ज्ञापन,पूरे जिले में दुकाने बंद करने की उठी जोरदार मांग, पढ़े खबर

नीमच। चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व को देखते हुए जिले में मांस, मछली और अंडों की दुकानों पर प्रतिबंध लगाने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने नगर पालिका में ज्ञापन देकर नवरात्रि के नौ दिनों तक इन दुकानों को बंद रखने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि नीमच जिला मां भादवा माता की पावन भूमि माना जाता है, जिन्हें मालवा की वैष्णो देवी भी कहा जाता है। आगामी 19 मार्च से 27 मार्च तक चैत्र नवरात्रि का पर्व मनाया जाएगा, जो हिंदू समाज की आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है। इन नौ दिनों में प्रदेश के कई नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों जैसे मेहर, उमरिया सहित अन्य स्थानों पर स्थानीय आदेशों के तहत मांस, मछली और अंडों के विक्रय पर सख्ती से प्रतिबंध लगाया जाता है।

ज्ञापन में मांग की गई कि इसी प्रकार का प्रतिबंध नीमच जिले में भी लागू किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान हो सके और नवरात्रि का पर्व पूर्ण श्रद्धा और पवित्रता के साथ संपन्न हो।

यह ज्ञापन एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ चेन्नई के सदस्य बाबूलाल नागदा और दिलीप छाजेड़ के साथ हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं संजय गौहर, पुरुषोत्तम शर्मा, पंकज रामावत, नितिन बैरागी और मनीष जैन मारू द्वारा मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका नीमच को सौंपा गया।

साथ ही ज्ञापन की प्रतिलिपि क्षेत्र के सांसद सुधीर गुप्ता , विधायक दिलीप सिंह परिहार , नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा, जिलाधीश, पुलिस अधीक्षक और एसडीएम को भी भेजी गई है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि नवरात्रि के इन नौ पवित्र दिनों में पूरे नीमच जिले में मांस, मछली और अंडों के विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि श्रद्धालु बिना किसी व्यवधान के भक्ति और आराधना कर सकें।