BIG NEWS: प्रदेश के 33.92 लाख हितग्राहियों को मुख्यमंत्री मोहन यादव का मेगा तोहफा, एक क्लिक में खातों में पहुंचे 203.56 करोड़ रुपए; बोले- बुजुर्गों, असहायों और दिव्यांगों का सम्मान करना हमारा धर्म, पढ़े खबर

BIG NEWS: प्रदेश के 33.92 लाख हितग्राहियों को मुख्यमंत्री मोहन यादव का मेगा तोहफा, एक क्लिक में खातों में पहुंचे 203.56 करोड़ रुपए; बोले- बुजुर्गों, असहायों और दिव्यांगों का सम्मान करना हमारा धर्म, पढ़े खबर

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को सामाजिक सुरक्षा पेंशन वितरण कार्यक्रम में प्रदेश के लाखों हितग्राहियों को बड़ी सौगात दी। मंत्रालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सिंगल क्लिक के माध्यम से 33 लाख 92 हजार 695 से अधिक बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और जरूरतमंद हितग्राहियों के खातों में मई माह की 203 करोड़ 56 लाख रुपए की पेंशन राशि अंतरित की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि घर के बुजुर्ग तपती धूप में ठंडी छांव के समान होते हैं। भारतीय संस्कृति में बुजुर्गों, असहायों और समाज के कमजोर वर्गों का सम्मान करना केवल कर्तव्य नहीं, बल्कि धर्म माना गया है। राज्य सरकार प्रत्येक नागरिक के सम्मान और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि प्रदेश का कोई भी गरीब परिवार, माताएं-बहनें या दिव्यांगजन स्वयं को बेसहारा महसूस न करें। सामाजिक सुरक्षा पेंशन केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सरकार की ओर से स्नेह, सम्मान और सुरक्षा का भरोसा है। राज्य सरकार सभी नागरिकों को अपने परिवार का हिस्सा मानकर उनके कल्याण के लिए कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय का संकल्प साकार हो रहा है और गरीब, वंचित तथा कमजोर वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में देश के 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। वहीं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ से अधिक लोगों को हर महीने मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।

डॉ. यादव ने किसानों के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश के किसानों को शून्य ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही ऋण चुकाने की अवधि को अधिक व्यावहारिक बनाते हुए यह व्यवस्था की गई है कि किसान जिस दिन ऋण लेगा, उसके अगले 12 माह के भीतर वह राशि जमा कर सकेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं ने जनकल्याण का नया इतिहास रचा है। मध्यप्रदेश सरकार भी गरीब, युवा, महिला और किसान कल्याण के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।सामाजिक सुरक्षा पेंशन वितरण कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से वरिष्ठजन, माताएं-बहनें, दिव्यांगजन और अन्य हितग्राही वर्चुअल माध्यम से जुड़े और योजना का लाभ प्राप्त किया।