BIG NEWS: जीरन ने नम आंखों से दी विकास डावर को विदाई, तालियों की गड़गड़ाहट के बीच हुआ सम्मान; नवागत सीएमओ कपिल सिंह राजावत के स्वागत के साथ विकास के नए अध्याय की शुरुआत, पढ़े खबर
जीरन। स्थानीय सामुदायिक मांगलिक भवन (चीताखेड़ा दरवाजा) में मंगलवार शाम को जीरन नगर परिषद द्वारा आयोजित विदाई एवं स्वागत समारोह भावनाओं, सम्मान और आत्मीयता का अनूठा संगम बन गया। कार्यक्रम में बदनावर नगर परिषद में स्थानांतरित हुए लोकप्रिय मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) विकास डावर को भावभीनी विदाई दी गई, वहीं सिंगोली नगर परिषद से स्थानांतरित होकर आए नवागत प्रभारी सीएमओ कपिल सिंह राजावत का गर्मजोशी से स्वागत किया गया समारोह में नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर दोनों अधिकारियों का सम्मान किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विकास डावर के कार्यकाल की उपलब्धियों और उनके मिलनसार व्यक्तित्व की चर्चा होती रही।

एक वर्ष का कार्यकाल बना विकास का नया अध्याय
नगर परिषद अध्यक्ष रामकरण सगवारिया सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में कहा कि विकास डावर ने मात्र एक वर्ष के कार्यकाल में नगर विकास को नई दिशा और गति प्रदान की। उन्होंने जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए परिषद की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाया। वक्ताओं ने कहा कि डावर का कार्यकाल जीरन नगर परिषद के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किया जाएगा। उनके नेतृत्व में कई विकास कार्यों को गति मिली और जनता की समस्याओं के समाधान के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण देखने को मिला।

जीरन में मिला प्यार मेरी अनमोल पूंजी’ : विकास डावर
विदाई समारोह में मिले सम्मान से भावुक हुए विकास डावर ने सभी जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा जनता के कार्यों को प्राथमिकता देने का प्रयास किया और इसमें उन्हें परिषद के कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों का भरपूर सहयोग मिला।
उन्होंने कहा, “जीरन में मुझे जो सम्मान, स्नेह और अपनापन मिला है, वह मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। यहां की सकारात्मक कार्यसंस्कृति और टीम भावना ने मुझे हमेशा बेहतर काम करने की प्रेरणा दी।”

साफा, शाल और स्मृति चिन्ह से किया सम्मानित
नगर परिषद अध्यक्ष रामकरण सगवारिया ने विकास डावर को साफा बांधकर, शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने पुष्पमालाएं पहनाकर उन्हें भावपूर्ण विदाई दी।

नवागत सीएमओ राजावत ने संभाली विकास की जिम्मेदारी
कार्यक्रम के दूसरे चरण में नवागत प्रभारी सीएमओ कपिल सिंह राजावत का भव्य स्वागत किया गया। नगर परिषद अध्यक्ष सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने साफा बांधकर एवं शाल-श्रीफल भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
अपने संबोधन में राजावत ने कहा कि विकास डावर ने जीरन में विकास कार्यों की जो मजबूत नींव रखी है, उसे आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नगरवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए अधूरे कार्यों को पूरा किया जाएगा तथा नए विकास कार्यों को भी गति दी जाएगी।

गरिमामयी समारोह में रही जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों की सहभागिता
समारोह में नगर परिषद उपाध्यक्ष मुकेश राव तावरे, पार्षद प्रहलाद भील, यशोदा मधुसूदन राजोरा, बबलू भिलावत, यशवंत सगवारिया, पुष्पेंद्र सिंह सोनीगरा, दिलीप सुथार, शकुन्तला दिलीप भानेज, पूनमचंद पाटीदार, संध्या विकास सुथार, विनोद पाटीदार, प्रभा राजेश लक्षकार, किशन अहिरवार, मुकेश पंवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा एल्डरमैन तुलसीराम अहिरवार, ऋतुराज सिंह सोनीगरा, गोविंद पाटीदार, उपयंत्री अन्नू सोलंकी, निर्माण ठेकेदार कुंदन शर्मा, गोपाल पाटीदार, प्रकाश पाटीदार, दीपेश बाहेती सहित नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी भी समारोह में शामिल हुए।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन पार्षद प्रतिनिधि दिलीप सुथार ने किया, जबकि अंत में आभार प्रदर्शन पार्षद प्रतिनिधि राजेश लक्षकार द्वारा किया गया।