NEWS: रामपुरा उपज मंडी में उमड़ा आस्था का सैलाब! बालाजी मंदिर की भव्य प्राण प्रतिष्ठा, तीन दिन तक हवन-यज्ञ और विशाल भंडारे की गूंज, पढ़े खबर
रामपुरा — जिले के अंतिम छोर पर स्थित कृषि उपज मंडी रामपुरा, जो निरंतर विकास की राह पर अग्रसर है और जहां क्षेत्र के किसान अपनी उपज लाकर उचित मूल्य प्राप्त कर रहे हैं, अब एक बार फिर धार्मिक आस्था का केंद्र बनने जा रही है।

नगर के व्यापारी बंधुओं, क्षेत्र के किसान भाइयों एवं जनसहयोग से रामपुरा उपज मंडी परिसर में संकट मोचन हनुमान (बालाजी) मंदिर का भव्य निर्माण किया गया है। इस मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ 1 मई से हो चुका है, जो 3 मई तक विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ संपन्न होगा।

महोत्सव के तहत प्रतिदिन कलश यात्रा, हवन, यज्ञ, अभिषेक जैसे पवित्र अनुष्ठान किए जा रहे हैं। 3 मई को विधिवत प्राण प्रतिष्ठा एवं शिखर प्रतिष्ठा का आयोजन होगा, जिसके पश्चात भव्य महाआरती की जाएगी।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर सायं 5:00 बजे से विशाल महाभंडारा एवं महाप्रसादी का आयोजन रखा गया है, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

इस पावन अवसर पर क्षेत्र के विधायक अनिरुद्ध (माधव) मारू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समस्त धार्मिक अनुष्ठान पंडित सोनू शास्त्री के सानिध्य में संपन्न किए जाएंगे।

बालाजी समिति, मंडी व्यापारी संघ एवं समस्त कृषक बंधुओं ने नगर व क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।