BIG NEWS: मंदसौर में गोचर भूमि पर कथित अवैध पट्टा कांड!, सनावदा सरपंच पति पर बिक्री के आरोप,जांच की मांग से मचा हड़कंप,पढ़े खबर
रिपोर्ट :- नरेंद्र राठौर
मंदसौर। जिले की मल्हारगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत सनावदा में शासकीय गोचर भूमि पर कथित अवैध पट्टा वितरण का मामला सामने आया है। ग्राम सनावदा निवासी सुरेन्द्र सिंह पिता गोविन्द सिंह ने तहसीलदार बृजेश मालवीय को लिखित आवेदन देकर मामले की जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सर्वे नंबर 800 की गोचर भूमि पर सवाल
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत सनावदा के सरपंच पति आशीष पिता प्रभुलाल पाटीदार द्वारा शासकीय गोचर भूमि, सर्वे नंबर 800 पर कथित रूप से अवैध पट्टे बनाकर बिक्री की जा रही है। शिकायतकर्ता के अनुसार जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो उनसे अभद्र भाषा में बात की गई और कार्रवाई न होने का दावा किया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि गोचर भूमि गांव की सामूहिक संपत्ति है और उस पर किसी प्रकार का निजी हस्तांतरण नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने प्रशासन से मौके पर निरीक्षण कर अवैध कब्जा हटाने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सरपंच प्रतिनिधि का पक्ष
मामले में सरपंच प्रतिनिधि आशीष पाटीदार का कहना है कि संबंधित भूमि के पट्टे वर्ष 2006 में जारी हुए थे। उनके अनुसार जमीन पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था, जिसे हटवाकर केवल उन्हीं आठ हितग्राहियों को भूमि दी गई है जिनके नाम पूर्व में पट्टे स्वीकृत थे। उन्होंने अवैध बिक्री के आरोपों को निराधार बताया है।

तहसीलदार से संपर्क नहीं हो सका
मामले को लेकर जब बृजेश मालवीय से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने दो बार फोन रिसीव नहीं किया। अब नजर प्रशासन की कार्रवाई पर है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि गोचर भूमि पर पट्टा वितरण नियमों के तहत हुआ या वाकई इसमें अनियमितता हुई है। फिलहाल गांव में इस मुद्दे को लेकर चर्चा और आक्रोश दोनों बढ़ रहे हैं।