NEWS: नशे के खिलाफ मनोहर वाटिका में पुलिस का जनजागरण अभियान, पूर्व विधायक जितेंद्र गहलोत और पार्षदों ने युवाओं से की नशे से दूर रहने की अपील, पढ़े खबर

NEWS: नशे के खिलाफ मनोहर वाटिका में पुलिस का जनजागरण अभियान, पूर्व विधायक जितेंद्र गहलोत और पार्षदों ने युवाओं से की नशे से दूर रहने की अपील, पढ़े खबर

नागदा । प्रदेशभर में चल रहे "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत गुरुवार को मनोहर वाटिका कॉलोनी में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए।

कार्यक्रम में पूर्व आलोट विधायक जितेंद्र गहलोत एवं नगर के पार्षदों ने भी सहभागिता करते हुए लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने नागरिकों से स्वयं नशे से दूर रहने और नशे की लत में फंसे लोगों को भी इस बुराई से बाहर निकालने का प्रयास करने की अपील की।

वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बादी की ओर ले जाता है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए समाज, परिवार और पुलिस प्रशासन को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी को सबसे महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की बिक्री या नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके। अभियान के माध्यम से लोगों को नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प भी दिलाया गया।