BREAKING NEWS: नवागत कलेक्टर का बड़ा फील्ड दौरा: एनआरसी में बच्चों को दुलारा, एसडीएम कार्यालय की समीक्षा, गौशाला और निर्माण कार्यों का किया औचक निरीक्षण, पढ़े खबर
मंदसौर। जिले के नवागत कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने गुरुवार को सीतामऊ क्षेत्र का व्यापक दौरा कर स्वास्थ्य, प्रशासन, ग्रामीण विकास और पर्यावरण से जुड़े कार्यों का जायजा लिया। दौरे की शुरुआत उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) से की, जहां भर्ती कुपोषित बच्चों की सेहत की जानकारी लेने के साथ उन्हें स्नेहपूर्वक दुलार किया और माताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

कलेक्टर ने एनआरसी प्रभारी को निर्देश दिए कि बच्चों को समय पर दवाइयां, पोषण आहार और सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उनका शीघ्र स्वास्थ्य लाभ सुनिश्चित हो सके। उन्होंने टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की भी विस्तार से समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके बाद कलेक्टर ने सीतामऊ एसडीएम कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं के कार्यों और लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की। अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। खंड स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की।

अपने दौरे के दौरान कलेक्टर नटनागर शोध संस्थान भी पहुंचे, जहां उन्होंने संस्थान की लाइब्रेरी का निरीक्षण कर उपलब्ध शोध सामग्री और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन जनपद पंचायत भवन का निरीक्षण कर निर्माण गुणवत्ता का परीक्षण किया। ग्राम कल्याणपुर की गौशाला पहुंचकर वहां की व्यवस्थाएं देखीं तथा शासन द्वारा दिए जा रहे अनुदान और संचालन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर ने ग्राम भगोर में वाटरशेड क्षेत्र में निर्मित चेक डैम का निरीक्षण किया तथा जल संरक्षण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने यहां पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इसके अलावा मियाबाकी प्लांटेशन का निरीक्षण कर पौधों के संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के प्रयासों का भी जायजा लिया।

दौरे के दौरान सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन, एसडीएम शिवानी गर्ग, जनपद पंचायत सीईओ धर्मेंद्र यादव, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।