BIG NEWS : किसानों के हक की लड़ाई में कांग्रेस का आर-पार का ऐलान, 24 फरवरी को भोपाल में होगा ‘किसान महा चौपाल’, मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी करेंगे नेतृत्व, जिले से बड़ी संख्या में शामिल होंगे कांग्रेसजन – पढ़ें खबर

BIG NEWS : किसानों के हक की लड़ाई में कांग्रेस का आर-पार का ऐलान, 24 फरवरी को भोपाल में होगा ‘किसान महा चौपाल’, मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी करेंगे नेतृत्व, जिले से बड़ी संख्या में शामिल होंगे कांग्रेसजन – पढ़ें खबर

नीमच। देश के अन्नदाता किसानों के साथ ट्रेड डील के नाम पर हो रहे कथित अन्याय और उनके हितों की रक्षा को लेकर इंडियन नेशनल कांग्रेस ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। इसी क्रम में 24 फरवरी 2026 को राजधानी भोपाल के विशाल मैदान में भव्य ‘किसान महा चौपाल’ का आयोजन किया जाएगा।

इस आंदोलन का नेतृत्व करने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी विशेष रूप से भोपाल पहुंचेंगे। दोनों नेता देशभर के किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार हुंकार भरेंगे।

नीमच जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने जानकारी देते हुए कहा कि आज किसान अपनी उपज का वाजिब दाम पाने के लिए संघर्ष कर रहा है। सरकार की गलत नीतियों और ट्रेड डील के कारण किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे हमेशा किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे हैं और भोपाल की यह ‘महा चौपाल’ किसानों के स्वाभिमान को जागृत कर उन्हें उनका अधिकार दिलाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी।

इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए नीमच जिले के कांग्रेसजन भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। उन्होंने जिले के सभी ब्लॉक, मंडलम, सेक्टर अध्यक्षों, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल और विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भोपाल पहुंचें। जिले से कांग्रेस कार्यकर्ता निजी वाहनों से भोपाल पहुंचकर प्रदेश कांग्रेस के इस आंदोलन में भाग लेंगे, ताकि सरकार को किसानों की ताकत का अहसास कराया जा सके।

बाहेती ने यह भी कहा कि नीमच जिला हमेशा से किसान आंदोलनों में अग्रणी रहा है और इस बार भी यहां के कांग्रेसजन अपनी सक्रिय भागीदारी से साबित करेंगे कि वे किसानों के शोषण को बर्दाश्त नहीं करेंगे। जिला कांग्रेस ने सभी कार्यकर्ताओं से 24 फरवरी को प्रातः 11:30 बजे भोपाल पहुंचकर इस आंदोलन को ऐतिहासिक और सफल बनाने का आह्वान किया है।“यह लड़ाई केवल एक राजनीतिक आंदोलन नहीं, बल्कि हमारे अन्नदाता के सम्मान और अधिकार की लड़ाई है।”