BREAKING NEWS: “बाहर मिठास… अंदर मौत का सामान!”,नीमच की मशहूर स्वीट्स एंड बेकरी पर जब पड़ा छापा, तो खुलते गए चौंकाने वाले राज,फ्रिज से निकली एक्सपायरी मिठाइयां, मिला सड़ा मावा, चारों तरफ गंदगी और घरेलू गैस सिलेंडरों का खेल,प्रशासन ने तुरंत दुकान की सील, कार्रवाई से पूरे शहर में मचा हड़कंप, पढ़े खबर
नीमच । शहर में गुरुवार को प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा को लेकर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम देते हुए रतन स्वीट्स एंड बेकरी पर ताबड़तोड़ छापा मारा। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर खाद्य विभाग, नगरपालिका, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया। जांच शुरू होते ही दुकान के भीतर जो हालात सामने आए, उन्हें देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।

निरीक्षण के दौरान दुकान में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी और अमानक खाद्य सामग्री मिली। मावा, आइसक्रीम, मिठाइयां, ब्रेड, पाव, आचार और अन्य खाद्य पदार्थ खराब अवस्था में पाए गए। अधिकारियों के अनुसार इनमें से कई सामग्री ग्राहकों को खुलेआम बेची जा रही थीं। दुकान के अंदर चारों तरफ फैली गंदगी, बदबू और बेहद खराब स्वच्छता व्यवस्था ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने एक क्विंटल से अधिक मावा जप्त किया। इसके अलावा मावा, सिका मावा, पेड़ा, चॉकलेट बर्फी, गुलाब जामुन, ब्रेड पैक, पाव पैक और क्रीम सहित जांच टीम ने मौके पर करीब 80 प्रकार की खाद्य सामग्री की जांच की। इनमें बड़ी मात्रा में एक्सपायरी सामग्री मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट करवाया गया। वहीं शेष संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रशासन का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद संचालक के खिलाफ और भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सबसे चौंकाने वाली बात तब सामने आई जब दुकान में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग होता मिला। खाद्य सुरक्षा अधिकारी यशवंत कुमार शर्मा ने बताया कि मौके से घरेलू गैस सिलेंडर जप्त किए गए हैं और इस मामले में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल दुकान को सील कर दिया। एसडीएम संजीव साहू ने कहा कि निरीक्षण में गंभीर अनियमितताएं और अस्वच्छता मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने साफ कहा कि शहर में आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
सीएमओ श्रीमती दुर्गा बामनिया ने बताया कि नगरपालिका की स्वास्थ्य टीम को मौके पर बेहद खराब साफ-सफाई मिली। खाद्य सामग्री अत्यंत गंदे और अस्वच्छ वातावरण में रखी गई थी। उन्होंने कहा कि जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने दो टूक कहा कि जिले में जन स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार निगरानी की जाएगी और जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां कठोर कार्रवाई तय है।
इस कार्रवाई में एसडीएम संजीव साहू, तहसीलदार संजय मालवीय, सीएमओ श्रीमती दुर्गा बामनिया, कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी, यशवंत शर्मा सहित नगरपालिका, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही।