NEWS: शताब्दी वर्ष पर संघ का शक्ति प्रदर्शन: नीमच में 20 अप्रैल को ऐतिहासिक महासंगम, भैया जी जोशी करेंगे राष्ट्र निर्माण पर सीधा संवाद, पढ़े खबर

NEWS: शताब्दी वर्ष पर संघ का शक्ति प्रदर्शन: नीमच में 20 अप्रैल को ऐतिहासिक महासंगम, भैया जी जोशी करेंगे राष्ट्र निर्माण पर सीधा संवाद, पढ़े खबर

नीमच। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में संघ की “नर्सरी” माने जाने वाले नीमच शहर में 20 अप्रैल सोमवार को एक भव्य एवं बहुउद्देश्यीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह महत्वपूर्ण आयोजन टाउन हॉल में सम्पन्न होगा, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के प्रमुखजन एवं मातृशक्ति की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में संघ के पूर्व अखिल भारतीय सर कार्यवाह भैया जी जोशी का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त होगा। वे उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय और सामाजिक महत्व के विषयों पर संबोधित करेंगे और संवाद के माध्यम से विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

इस संबंध में जानकारी देते हुए संघ के जिला संघ चालक श्री अनिल जैन ने बताया कि विश्व पटल पर भारत की सुदृढ़ एवं सशक्त पहचान स्थापित करने में संघ की भूमिका अतुलनीय रही है। समाज के हर वर्ग में “राष्ट्र प्रथम” का भाव जागृत करने हेतु संघ निरंतर विभिन्न आयामों में कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित होगा—

पहला सत्र दोपहर 12 बजे मातृशक्ति गोष्ठी के रूप में होगा, जबकि दूसरा सत्र शाम 4 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें सभी वर्गों के प्रमुखजनों के साथ संवाद एवं गोष्ठी आयोजित की जाएगी। दोनों सत्रों में प्रश्नोत्तर का अवसर भी रहेगा, जिससे सहभागियों को सीधे संवाद का मौका मिलेगा।

इस महत्वपूर्ण आयोजन में केवल प्रवेशिकाधारी ही शामिल हो सकेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

नीमच में आयोजित यह कार्यक्रम संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर विचार, संगठन और समाज के समन्वय का एक सशक्त मंच बनने जा रहा है।