NEWS:शहर विकास की दिशा मे बड़ा कदम,विधायक दिलीप सिंह परिहार ने वार्ड 23 में दी बहुप्रतीक्षित सौगात, किया 40 लाख के कार्यों का लोकार्पण, पढ़े खबर
नीमच। नीमच नगर पालिका परिषद द्वारा शुक्रवार, 13 फरवरी को वार्ड क्रमांक 23 के स्कीम नंबर 7 स्थित कालका माता मंदिर परिसर में 40 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता नपाध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा ने की।

कार्यक्रम के तहत डोम निर्माण का लोकार्पण तथा सीसी रोड व नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। वार्डवासियों को लंबे समय से प्रतीक्षित इन कार्यों की सौगात मिलने पर उत्साह का माहौल रहा।
20 लाख की स्वीकृति, आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित डोम विधायक दिलीप सिँह परिहार द्वारा मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना अंतर्गत डोम निर्माण हेतु 20 लाख रुपए की राशि स्वीकृत कराई गई थी। शेष राशि नगर पालिका द्वारा स्वीकृत कर विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक कार्य पूर्ण कराए गए।इसके अलावा 14.59 लाख रुपए की लागत से याकूब चाचा के मकान से बबलू यादव के मकान तक सीसी रोड व नाली निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया।

विधायक का संबोधन
विधायक परिहार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है। उन्होंने बताया कि नीमच विधानसभा क्षेत्र की पंचायतों सहित शहर के छह स्थानों पर डोम निर्माण कराए गए हैं, जिससे गरीब व मध्यमवर्गीय परिवारों को शादी-ब्याह व अन्य आयोजनों में सुविधा मिलेगी और टेंट जैसी अतिरिक्त व्यवस्था की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने मंदिर में भजन-कीर्तन हेतु महिला मंडली के लिए माइक व ढोल-मजीरे के लिए ₹25,000 की राशि स्वीकृत करने की घोषणा भी की।

नपाध्यक्ष का संकल्प
नपाध्यक्ष श्रीमती चोपड़ा ने कहा कि विधायक के मार्गदर्शन में शहर में सड़कों के चौड़ीकरण, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्य निरंतर जारी हैं। शहर विकास का संकल्प लेकर नगर पालिका पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती रंजना करण सिंह परमाल, मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह राणावत, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष हेमंत हरित, सांसद प्रतिनिधि आलोक मालू, लोक निर्माण सभापति मनोहर मोटवानी, जलकल सभापति श्रीमती छाया जायसवाल, पार्षद श्रीमती गुंजन विष्णु राठौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन स्वच्छता एम्बेसडर विजय बाफना ने किया एवं आभार पार्षद प्रतिनिधि विष्णु राठौर ने व्यक्त किया।
