BREAKING NEWS: दूसरी शादी रोकने पहुंची पत्नी, गांव में हालात हुए बेकाबू; पत्थरों से वाहन क्षतिग्रस्त करने का आरोप, एसपी से शिकायत, पढ़े खबर
नीमच/मनासा। पति द्वारा दूसरा विवाह किए जाने की सूचना मिलने पर विरोध करने पहुंची महिला और उसके परिवार के साथ मारपीट तथा वाहन में तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। मामले में पोखरदा निवासी कविता पति जीतमल बंजारा ने जिला पुलिस अधीक्षक नीमच को लिखित शिकायत देकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में कविता ने बताया कि उसका अपने पति जीतमल पिता नन्दलाल निवासी पोखरदा, तहसील मनासा के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा है। इस संबंध में वह पूर्व में 27 जुलाई 2026 को भी पुलिस अधीक्षक नीमच को लिखित शिकायत दे चुकी है।

कविता के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को उसे सूचना मिली कि उसका पति जीतमल कुंडालिया गांव में समाज के बीच दूसरा विवाह कर रहा है। सूचना मिलने पर वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ कुंडालिया पहुंची। शिकायत के मुताबिक, वहां मौजूद गोपाल पिता पेमा, उंकार पिता पेमा, प्रकाश गुड्डा, जीवन पिता गुड्डा, तुफान, श्यामा, राहुल पिता प्रताप, शैतान पिता प्रताप, विक्रम पिता मिठ्ठु, मुकेश और इद्ररसिंह सहित अन्य लोगों ने एकमत होकर उसके वाहन पर पत्थरों से हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।

महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसके और उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट भी की गई। घटना के बाद वह और उसके परिवार के सदस्य जान बचाकर मौके से भाग गए।

शिकायत में कविता ने यह भी बताया कि उसके पति ने उसे छोड़कर दूसरा विवाह कर लिया है। वर्तमान में वह अपनी पुत्री मिष्ठी के साथ अपने पिता के यहां निवास कर रही है तथा उसके और उसकी पुत्री का भरण-पोषण उसके पिता द्वारा किया जा रहा है।

महिला ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की जांच कर शिकायत में उल्लेखित आरोपियों के विरुद्ध उचित दंडात्मक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।