BIG NEWS: नीमच में चला अतिक्रमण पर बुलडोज़र, सड़क तक फैलाए टेंट-तंबू उखाड़े, गन्ने की चरखी वालों पर नपा की बड़ी कार्रवाई, किलेश्वर मंदिर रोड से फव्वारा चौक तक मचा हड़कंप, दोबारा कब्जा किया तो सामान होगा जब्त, पढ़े खबर

BIG NEWS: नीमच में चला अतिक्रमण पर बुलडोज़र, सड़क तक फैलाए टेंट-तंबू उखाड़े, गन्ने की चरखी वालों पर नपा की बड़ी कार्रवाई, किलेश्वर मंदिर रोड से फव्वारा चौक तक मचा हड़कंप, दोबारा कब्जा किया तो सामान होगा जब्त, पढ़े खबर

नीमच | शहर में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण और उससे बाधित हो रहे यातायात को लेकर नगर पालिका ने आखिरकार सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को जोरदार कार्रवाई की। किलेश्वर मंदिर रोड से लेकर फव्वारा चौक तक नगर पालिका की टीम ने सड़क किनारे फैले अवैध कब्जों को हटाते हुए साफ संदेश दे दिया कि अब अतिक्रमण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया के मार्गदर्शन में चलाए गए इस विशेष अभियान में गन्ने के रस की चरखी लगाने वाले व्यापारियों सहित अन्य दुकानदारों द्वारा सड़क तक फैलाए गए टेंट, तंबू, टेबल-कुर्सी और अन्य सामग्री को हटवाया गया। इन अतिक्रमणों के कारण आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

नगर पालिका की टीम पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरी। जेसीबी, डंपर, ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित अन्य संसाधनों के साथ सबसे पहले किलेश्वर मंदिर रोड पहुंचकर कार्रवाई शुरू की गई। यहां सड़क तक फैले अतिक्रमण को हटाकर रास्ता पूरी तरह साफ कराया गया। इसके बाद टीम फव्वारा चौक पहुंची, जहां गन्ने की चरखी लगाने वालों द्वारा किए गए कब्जों को हटाते हुए सड़क को मुक्त कराया गया।

कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों ने व्यापारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए साफ कहा कि अगर दोबारा अतिक्रमण कर यातायात में बाधा उत्पन्न की गई तो सिर्फ सामान हटाया ही नहीं जाएगा, बल्कि

➡️ सामान जब्त किया जाएगा

➡️ चालानी कार्रवाई होगी

➡️ और सख्त कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे

इस पूरे अभियान में राजस्व अधिकारी श्री संजय मालवीय के साथ टेकचंद बुनकर, महावीर जैन, हेमंत सिसोदिया, तेज प्रकाश चोपड़ा, योगेश टांकवाल, हेमंत कलोसिया और संदीप चौहान सहित नगर पालिका का अमला सक्रिय रूप से मौजूद रहा।

नगर पालिका की इस सख्त कार्रवाई से शहर के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है। वहीं आम नागरिकों ने इस कदम का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि प्रशासन आगे भी इसी तरह लगातार अभियान चलाकर शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाएगा।