NEWS: मोहर्रम समेत आगामी त्योहारों को लेकर प्रशासन सतर्क, मनासा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक; भाईचारा और कानून व्यवस्था बनाए रखने का लिया संकल्प, पढ़े खबर
मनासा। आगामी धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों, विशेष रूप से मोहर्रम पर्व, को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मनासा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर के सभी समुदायों के वरिष्ठजन, विभिन्न आयोजनों के आयोजक, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष, एसडीएम, तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी से आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि सभी आयोजन प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराए जाएं तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक जानकारियों पर ध्यान न दिया जाए।

बैठक के दौरान विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव भी रखे। प्रशासन ने सभी सुझावों पर सकारात्मक विचार करने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि नगर में सभी धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने आपसी सहयोग, सद्भाव और शांति बनाए रखते हुए आगामी त्योहारों को मिल-जुलकर मनाने का संकल्प लिया।
