BREAKING NEWS: तीन साल से बीमा राशि का इंतजार... अब फूटा किसानों का गुस्सा! मल्हारगढ़ तहसील का घेराव, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन; बोले- 80% फसल खराब हुई, मुआवजा मिला लेकिन बीमा आज तक नहीं, पढ़े खबर

BREAKING NEWS: तीन साल से बीमा राशि का इंतजार... अब फूटा किसानों का गुस्सा!  मल्हारगढ़ तहसील का घेराव, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन; बोले- 80% फसल खराब हुई, मुआवजा मिला लेकिन बीमा आज तक नहीं, पढ़े खबर

मल्हारगढ़। वर्ष 2025 में सोयाबीन फसल पीला मोजेक बीमारी से हुए भारी नुकसान के बावजूद प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की राशि नहीं मिलने से नाराज बरखेड़ा पंथ और आसपास के गांवों के किसानों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। पूर्व सरपंच दिनेश कारपेंटर के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने मल्हारगढ़ तहसील कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर शीघ्र बीमा राशि जारी करने की मांग की।

बरखेड़ा पंथ, खात्याखेड़ी, खेरखेड़ा, चंदवासा और सुपड़ा सेमली सहित कई गांवों से पहुंचे किसानों ने बताया कि वर्ष 2025 में पीला मोजेक बीमारी के कारण सोयाबीन फसल को भारी नुकसान हुआ था। पटवारी सर्वे में करीब 80 प्रतिशत फसल नुकसान दर्ज किया गया, जिसे शासन ने स्वीकार करते हुए मुआवजा भी दिया। इसके बावजूद प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की राशि आज तक किसानों के खातों में नहीं पहुंची।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए किसान कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश पाटीदार (बालागुड़ा), भंवरलाल गुर्जर, जिला कांग्रेस सचिव अनिल पोरवाल, रामेश्वर गुर्जर, सुनील चढ़ावत तथा पूर्व सरपंच दिनेश कारपेंटर ने कहा कि किसान पिछले तीन वर्षों से बीमा राशि के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। जब नुकसान का सर्वे हो चुका है और शासन मुआवजा भी दे चुका है, तब बीमा राशि रोकने का कोई औचित्य नहीं है।

आंदोलन के बाद किसानों ने तहसीलदार वंदना हरित को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र बीमा राशि जारी नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इस दौरान पूर्व मंडी अध्यक्ष बंशीलाल पाटीदार, नरेश सैनी, अनुपम राठौर, शक्तिसिंह शक्तावत, दिनेश रत्नावत, जगदीश तेलकार, लक्ष्मीनारायण कारपेंटर, महेश चढ़ावत, सुनील पाटीदार, मनोहरलाल कारपेंटर, सुभाष पाटीदार, विष्णु प्रसाद दुबे, भरत पाटीदार, उदयलाल पटेल, युसूफ भाई, घनश्याम ट्रेलर, कमल शर्मा, राजेंद्र पाटीदार, मोहनलाल तेलकार, देवीलाल तेलकार, नरेंद्र पाटीदार, अनिल पाटीदार, अमृतराम हाबरिया, गोपाल आर्य, मदनलाल सैनी, शंकरलाल गायरी, मुकेश पाटीदार, कैलाश चढ़ावत, श्यामलाल तेलकार, गोपाल सैनी, घीसालाल पाड़ा, बंसीलाल मरेठ सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।