BIG NEWS : रात के अंधेरे मे डोडाचूरा लेकर भाग रहा था सगोर का तस्कर, सीतामऊ पुलिस की नाकाबंदी बनी काल... बिना नंबर की स्विफ्ट समेत लाखो का माल किया जब्त, पढ़े खबर
मंदसौर। "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत मंदसौर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना सीतामऊ पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 193 किलो 920 ग्राम डोडाचूरा और बिना नंबर की स्विफ्ट कार जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 8.87 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के नेतृत्व में जिलेभर में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामस्नेही मिश्रा तथा एसडीओपी दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष टीम गठित की थी।

29 जुलाई 2026 को उपनिरीक्षक मूलचंद धाकड़ को मुखबिर से सूचना मिली कि एक बिना नंबर की स्विफ्ट वीडीआई कार में भारी मात्रा में डोडाचूरा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही नई आबादी–दीपाखेड़ा आम रोड पर नाकाबंदी की गई।

कुछ देर बाद संदिग्ध कार वहां पहुंची। पुलिस को देखकर चालक घबरा गया और भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पहले से तैनात पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राहुल डांगी, निवासी ग्राम सगोर, थाना सीतामऊ (जिला मंदसौर) बताया। कार की तलाशी लेने पर 6 सफेद प्लास्टिक के कट्टों में भरा 193 किलो 920 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब ₹3.87 लाख बताई गई है। इसके साथ ही बिना नंबर की नीले रंग की स्विफ्ट कार (कीमत लगभग ₹5 लाख) भी जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना सीतामऊ में अपराध क्रमांक 410/2026 के तहत धारा 8/15 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश प्रजापति, उपनिरीक्षक मूलचंद धाकड़ एवं थाना सीतामऊ की विशेष पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।