BIG NEWS: उज्जैन–मंदसौर कनेक्शन से खुला मौत का कारोबार, गाड़ी पेंट के नाम पर बन रही थी एमडी ड्रग्स, गैरेज से 75 किलो केमिकल जब्त, राजस्थान–गुजरात तक फैला नेटवर्क, पढ़े खबर 

BIG NEWS: उज्जैन–मंदसौर कनेक्शन से खुला मौत का कारोबार, गाड़ी पेंट के नाम पर बन रही थी एमडी ड्रग्स, गैरेज से 75 किलो केमिकल जब्त, राजस्थान–गुजरात तक फैला नेटवर्क, पढ़े खबर 

उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन से एक ऐसा सनसनीखेज खुलासा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। यहां गाड़ियों में पेंट करने के नाम पर मंगाया गया केमिकल असल में एमडी (मेफेड्रोन) जैसे खतरनाक नशे के निर्माण में इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने इस पूरे खेल का पर्दाफाश करते हुए आगर रोड स्थित कृष्णा मोटर्स गैरेज से भारी मात्रा में प्रतिबंधित केमिकल जब्त किया है।

चिमनगंज थाना पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए गैरेज पर दबिश दी। यहां से 75 किलो ब्रोमोपोल क्रिस्टल पाउडर बरामद हुआ, जिसका उपयोग एमडी ड्रग्स बनाने में किया जाता है। पुलिस ने मौके से मुख्य आरोपी अर्पित उर्फ सौरभ गुप्ता (33) निवासी तिरुपति धाम एक्सटेंशन, उज्जैन को गिरफ्तार किया। इसके अलावा मंदसौर जिले के गरोठ निवासी रंजित (33) और आगर मालवा जिले के बड़ौद निवासी ओमप्रकाश (26) को भी पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे थे। मुंबई और गुजरात की केमिकल कंपनियों से फर्जी दस्तावेजों के जरिए ब्रोमोपोल और 2-ब्रोमो-4-मिथाइल प्रोपियोफिनोन जैसे प्रतिबंधित केमिकल मंगवाए जाते थे। कागजों में इनका उपयोग वाहन पेंटिंग के लिए दिखाया जाता था, लेकिन असल में यह केमिकल ड्रग्स बनाने वाले गिरोहों तक पहुंचाया जा रहा था।

पुलिस की जांच में एक बड़ा नेटवर्क भी सामने आया है। यह केमिकल राजस्थान के झालावाड़ और प्रतापगढ़ जिलों तक सप्लाई किया जा रहा था, जहां इसका उपयोग एमडी ड्रग्स बनाने में किया जा रहा था। सूत्रों के अनुसार इस पूरे रैकेट में कई और लोग जुड़े हो सकते हैं। पुलिस को अब तक चार और संदिग्धों के नाम मिले हैं, जिनकी तलाश तेज कर दी गई है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस केमिकल की असली कीमत करीब 5 हजार रुपये प्रति किलो बताई जा रही है, लेकिन इसे कई गुना ज्यादा दामों पर बेचा जाता था। इसके बाद तैयार एमडी ड्रग्स को बाजार में ऊंचे दामों पर खपाकर लाखों-करोड़ों का मुनाफा कमाया जा रहा था।

पुलिस ने मुख्य आरोपी अर्पित उर्फ सौरभ को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। इस दौरान उससे पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य साथियों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। वहीं, अन्य दो आरोपियों को भी कोर्ट में पेश किया जाएगा।