BIG NEWS: नशे के खिलाफ सिंगोली पुलिस को मिली सफलता, 120 किलो डोडाचूरा के साथ तस्करी का बड़ा नेटवर्क हुआ बेनकाब, नाकाबंदी देखते ही बाइक छोड़कर अंधेरे में फरार आरोपी,किया 18 लाख का माल जब्त, पढ़े खबर
नीमच, थाना सिंगोली पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ की तस्करी पर जोरदार प्रहार किया है। पुलिस टीम ने 120 किलोग्राम डोडाचूरा और एक मोटरसाइकिल जब्त कर तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है।

यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी नशाविरोधी अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी रोहित राठौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में सिंगोली पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 24 अप्रैल 2026 को अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए रुघनाथपुरा फंटा पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान नीमच की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर पीछे कट्टे बांधकर आता दिखाई दिया। जैसे ही उसे पुलिस की नाकाबंदी का अंदेशा हुआ, वह करीब 100 फीट पहले ही अपनी मोटरसाइकिल और उस पर बंधे सामान को छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों की ओर भाग गया।

पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आसपास के खेतों में आरोपी की तलाश की, लेकिन वह हाथ नहीं आया। इसके बाद पंचों की मौजूदगी में मोटरसाइकिल पर बंधे कट्टों की तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद हुआ।

जब्त संपत्ति:
120 किलोग्राम डोडाचूरा (कीमत लगभग 18 लाख रुपये)
Hero Splendor Plus मोटरसाइकिल (बिना नंबर, कीमत लगभग 30 हजार रुपये)

पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ और वाहन को विधिवत जप्त कर लिया है। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार वर्मा सहित पूरी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही, जिसने सतर्कता और मुस्तैदी से इतनी बड़ी सफलता हासिल की।