NEWS : जिला अस्पताल में टीबी मरीजों के लिए बड़ी राहत,अब दवाइयों के साथ मिलेगा पोषण भी,हर महीने 200 राशन किट दे रही धीरेंद्र सोया एग्रो प्राइवेट लिमिटेड, CSR पहल बनी जरूरतमंदों की उम्मीद,पढ़े खबर

NEWS : जिला अस्पताल में टीबी मरीजों के लिए बड़ी राहत,अब दवाइयों के साथ मिलेगा पोषण भी,हर महीने 200 राशन किट दे रही धीरेंद्र सोया एग्रो प्राइवेट लिमिटेड, CSR पहल बनी जरूरतमंदों की उम्मीद,पढ़े खबर

नीमच। जिले के जिला अस्पताल में ट्यूबरकुलोसिस (TB) से जूझ रहे मरीजों के लिए एक बड़ी राहतभरी पहल सामने आई है। अब मरीजों को केवल दवाइयों के भरोसे नहीं रहना पड़ेगा, बल्कि उन्हें हर महीने पोषणयुक्त राशन किट भी दी जा रही है, जिससे उनके इलाज में तेजी आने की उम्मीद है।

यह पहल धीरेंद्र सोया एग्रो प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत शुरू की गई है। कंपनी हर माह करीब 200 जरूरतमंद टीबी मरीजों को राशन किट उपलब्ध करा रही है। यह किट जिला अस्पताल के टीबी विभाग से जुड़े मरीजों को नियमित रूप से वितरित की जाती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी में दवाइयों के साथ-साथ संतुलित और पौष्टिक आहार बेहद जरूरी होता है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए इन राशन किट्स में 5 किलो आटा, 2 किलो चना, नट्स और अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल की गई है, ताकि मरीजों को पर्याप्त पोषण मिल सके और उनकी रिकवरी बेहतर हो।

कंपनी के प्रतिनिधि निखार गोयल ने बताया कि यह सेवा केवल एक बार की पहल नहीं है, बल्कि इसे लगातार जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि कंपनी का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों की मदद करना है और आगे भी स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐसे प्रयास किए जाते रहेंगे। इसके साथ ही उन्होंने संकेत दिए कि भविष्य में जिला अस्पताल के ऑर्थोपेडिक विभाग को भी आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे मरीजों को और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

जिला अस्पताल में चल रही यह पहल मरीजों और उनके परिजनों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभरी है। जहां एक ओर यह योजना मरीजों के स्वास्थ्य सुधार में सहायक साबित हो रही है, वहीं दूसरी ओर समाज में कॉर्पोरेट जिम्मेदारी निभाने का एक प्रेरणादायक उदाहरण भी प्रस्तुत कर रही है।