BREAKING NEWS : जीरन-चीताखेड़ा में आखिर चल क्या रहा था अंदर ही अंदर? अचानक पहुंची खाद्य सुरक्षा टीम, 3 फर्मों से उठाए 11 संदिग्ध नमूने… दूध, घी और तेल को लेकर बड़ा राज सामने आने की आहट, रिपोर्ट का इंतजार,पढ़े खबर
नीमच। जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जीरन एवं चीताखेड़ा क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान 3 फर्मों से कुल 11 खाद्य नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं, जिससे मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है।

खाद्य सुरक्षा कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार टीम ने श्री कृष्ण कन्हैया दूध डेरी, जीरन का निरीक्षण कर मिश्रित दूध के 2 नमूने लिए। मौके पर मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, FSSAI ट्रेनिंग प्रमाण पत्र का अभाव और साफ-सफाई में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया।

इसी क्रम में शांभवी फूड्स, जीरन पर कार्रवाई करते हुए शांभवी घी, क्रीम, मूंगफली तेल, सरसों तेल और तिल्ली तेल के कुल 5 नमूने लिए गए। यहां भी साफ-सफाई की कमी और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर सुधार सूचना पत्र जारी किए गए।

वहीं शर्मा सेल्स एजेंसी, चीताखेड़ा का निरीक्षण कर साबूदाना, मसूर दाल, मूंग दाल छिलका एवं चना दाल के 4 नमूने एकत्र किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित फर्मों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह पूरी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राजू सोलंकी एवं श्री यशवंत कुमार शर्मा द्वारा की गई।