NEWS: हत्या केस में फरार आरोपी पर शिकंजा, कोर्ट सख्त,जमानतदार से वसूले 25 हजार, मंदसौर कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई,पढ़े खबर
मंदसौर। थाना कोतवाली पुलिस ने हत्या के एक गंभीर मामले में फरार आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उसके जमानतदार की जमानत राशि जब्त करवाई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा के निर्देशों के पालन में की गई।

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया था कि जिन गंभीर अपराधों में आरोपी जमानत मिलने के बाद न्यायालय में उपस्थित नहीं होते, उन मामलों में जमानतदार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इसी क्रम में थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 703/2021 धारा 302, 34 भादवि, 25 आर्म्स एक्ट एवं 3(2)(V) एससी/एसटी एक्ट के तहत आरोपी दीपक सिंह उर्फ बबलू निवासी जीवागंज, मंदसौर को न्यायालय से जमानत मिली थी। उसकी जमानत के लिए नानीबाई पति केशरसिंह निवासी दीपूखेड़ी (जिला नीमच) द्वारा 50 हजार रुपये की जमानत दी गई थी। जमानत मिलने के बाद आरोपी न्यायालय में उपस्थित नहीं हुआ, जिससे न्यायालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जमानतदार के खिलाफ एमजेसी आर/762/2023 के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया।

कोतवाली पुलिस ने 23 मार्च 2026 को कार्रवाई करते हुए जमानतदार नानीबाई को अभिरक्षा में लेकर न्यायालय में पेश किया। सुनवाई के बाद न्यायालय ने जमानत शर्तों के उल्लंघन पर 25 हजार रुपये की राशि जमानतदार से वसूल कर जब्त कर ली।

सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौर, प्रधान आरक्षक रामनारायण नागदा, आरक्षक दिनेश धाकड़, हरिओम मालवीय एवं शायर गुर्जर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।