BIG NEWS :आंगन की पानी भरी बाल्टी बनी काल,खेलते-खेलते औंधे मुंह गिरा डेढ़ वर्षीय मासूम,कुछ ही पलों में थमी सांसें, एक लापरवाही ने हमेशा के लिए छीन ली किलकारियां,घटना पिपलियामंडी के अयोध्या बस्ती की,पढ़े नरेंद्र राठौर की ये खबर
पिपलिया मंडी। नगर के अयोध्या बस्ती क्षेत्र में रविवार को एक बेहद हृदय विदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। घर के बाहर खेल रहे डेढ़ वर्षीय मासूम की पानी से भरी बाल्टी में गिरने से दम घुटने के कारण दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 08 स्थित तलाई की पाल पर रहने वाले राहुल नायक का डेढ़ वर्षीय पुत्र कार्तिक नायक दोपहर के समय घर के बाहर खेल रहा था। उस दौरान परिवार के सदस्य घरेलू कार्यों में व्यस्त थे। खेलते-खेलते मासूम घर के बाहर रखी पानी से भरी बाल्टी के पास पहुंच गया और अचानक संतुलन बिगड़ने से औंधे मुंह उसमें गिर गया। बताया जा रहा है कि बाल्टी में पर्याप्त पानी भरा हुआ था। कम उम्र और शारीरिक संतुलन की कमी के चलते मासूम खुद को संभाल नहीं सका और बाहर नहीं निकल पाया। कुछ ही मिनटों में उसकी सांसें थम गईं।

घटना इतनी अचानक हुई कि परिजनों को इसकी भनक तक नहीं लगी। जब कुछ देर बाद बच्चे की तलाश की गई, तो वह बाल्टी में औंधे मुंह गिरा हुआ मिला। यह दृश्य देखते ही परिजनों के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन तुरंत बच्चे को निकालकर पिपलिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

इस दुखद घटना ने एक बार फिर छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासी शंभू मेक ने बताया कि घर या आंगन में खुले में रखी पानी से भरी बाल्टियां, टंकियां या अन्य बर्तन छोटे बच्चों के लिए बेहद खतरनाक हो सकते हैं।
